
Patna: राजधानी की सड़कों पर वाहन चलाने वाले लोग थोड़ा सावधान हो जाएं, नहीं तो ट्रैफिक पुलिस अब चालान काटने के लिए 24 घंटे तत्पर रहेगी. जानकारी के अनुसार सिग्नल तोड़ने वाले लोगों पर अब ऑटो मोड में कार्रवाई की जाएगी. राजधानी में ट्रैफिक की निगरानी के लिए काम करने वाले सभी सेंटरों को जल्दी एक्टिव किया जाएगा, जिससे पूरा सिस्टम स्मार्ट हो जाएगा. गांधी मैदान स्थित नए भवन में सभी सेंटरों को एक साथ लाने की तैयारी तेज कर दी गई है. मार्च में ही व्यवस्था पूरी होने के बाद मॉनिटरिंग का पूरा नेटवर्क काम करने लगेगा.
गौरतलब है कि राजधानी पटना में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह से बेलगाम हो गई. ऑटो के साथ निजी वाहनों की पार्किंग से लेकर पूरी व्यवस्था पटरी से बाहर है. ऐसे में जाम की समस्या के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है. शहर के डाक बंगला चौराहा, गांधी मैदान, इनकम टैक्स, अनीसाबाद, राजीवनगर के साथ हर प्रमुख चौराहों पर दिन में ट्रैफिक का लोड बढ़ते ही लोगों की मुश्किल बढ़ जाती है. स्कूलों की छुट्टी के समय तो सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है, गर्मी के दिन में जाम की समस्या से लोग परेशान हो जाते हैं.
जानकारी के अनुसार सिक्योरिटी एवं स्मार्ट प्रबंधन के लिए गांधी मैदान पटना स्थित आईसीसीसी भवन में चल रहे इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के काम तथा डीसीआर एवं पीआईआर का आईसीसीसी भवन में ही शिफ्ट करने की तैयारी चल रही है. डीएम पटना डॉ चंद्रशेखर सिंह का कहना है कि बहुत जल्द ही पूरी व्यवस्था बना दी जाएगी. इसे लेकर लगातार निरीक्षण किया जा रहा है. शनिवार को भी डीएम और एसएसपी के साथ यातायात पुलिस के अधिकारियों ने निरीक्षण किया है. प्रशासन सुरक्षा और निगरानी को लेकर हर तरह से व्यवस्था बढ़ाने में जुटा है. अधिकारियों के निरीक्षण में हर एक बिंदु की मॉनिटरिंग की जा रही है.




