
Ranchi: आने वाले दिनों में राजधानी में एक बार फिर बिजली संकट हो सकता है. झारखंड बिजली वितरण निगम के लगभग दो हजार कर्मचारी आने वाले महीने में हड़ताल में जाने की योजना बना रहे है. इसके लिये झारखंड उर्जा विकास निगम के कर्मचारियों ने निगम प्रबंधन को चेतावनी भी दे दी है. चेतावनी झारखंड पावर वर्कर्स यूनियन की ओर से दिया गया है.
बता दें कि हड़ताल में जाने वाले सभी कर्मचारी तृतीय और चतुर्थ वर्गीय कर्मी है. जो राज्यभर में बिजली व्यवस्था का संचालन करते है. इसमें तकनीकि कर्मचारियों के साथ बटनपट्ट संचालक समेत अन्य कर्मी शामिल होंगे. इसके पहले दिसंबर में पावर वर्कर्स यूनियन की ओर से हड़ताल बुलायी गयी थी. हड़ताल मुख्य रूप से प्रमोशन के लिये किया जायेगा. वहीं, एक अगस्त को रांची विद्युत आपूर्ति कार्यालय में कर्मियों का विरोध प्रदर्शन होगा. यूनियन के अध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि अगर प्रबंधन कर्मियों के हड़ताल को गंभीरता से नहीं लेती है तो आंदोलन और भी उग्र किया जायेगा.
रांची जिला के कर्मियों का प्रमोशन बाधित
आशीष ने बताया कि निगम के तृतीय और चतुर्थ वर्गीय कर्मी को प्रमोशन क्षेत्रीय महाप्रबंधक की अनुशंसा पर दी जाती है. लेकिन रांची जिला में ऐसा नहीं हो रहा है. कर्मचारियों के प्रमोशन के लिये कई बार विद्युत आपूर्ति क्षेत्र रांची के महाप्रबंधक से मिलकर अपनी बात को रखा गया. लेकिन प्रमोशन के मामले पर संज्ञान लेने के बजाय मुख्यालय से पत्राचार कर मामले को लटकाने का काम किया जाता रहा है. इसलिए कर्मचारियों में घोर निराशा है. वर्तमान में रांची के अलावा सभी सर्किल में कर्मचारियों को प्रमोशन दी जा रही है. निगम मुख्यालय की ओर से प्रमोशन के मामले में स्पष्ट दिशा निर्देश के बावजूद बार-बार मुख्यालय में पत्राचार करना कर्मियों के प्रति उदासीनता प्रतीत होती है.
जुलाई अंत तक प्रमोशन का मिला था आश्वासन
इसके पहले जून महीने में यूनियन की वार्ता रांची जीएम से हुई थी. जिसमें 31 जुलाई तक रांची जिला में कार्यरत कर्मियों को प्रमोशन देने की बात की गयी थी. इसके बाद मामले में मुख्यालय से पत्राचार किया गया. जिसके बाद अब तक मामला लटका हुआ है. ऐसे में कर्मचारियों में रोष है कि अब तक प्रमोशन के मामले में कोई ठोस कारवाई नहीं की गयी है. बता दें रांची विद्युत आपूर्ति क्षेत्र के कर्मियों को साल 2018 के बाद से प्रमोशन नहीं मिला है.
इसे भी पढ़ें: नहीं रहे ‘लापतागंज के चौरसिया’, एक्टर अरविंद कुमार की हार्ट अटैक से मौत




