JharkhandLead NewsRanchi

जज उत्तम आनंद की मौतः सीबीआइ कर रही जांच पर अब तक नहीं सुलझी गुत्थी

Ranchi : झारखंड के धनबाद में जज उतम आनंद की मौत की पहेली को लेकर सीबीआइ का सिरदर्द बढ़ता ही जा रहा है. अब तक की जांच में सीबीआइ के हाथ खाली हैं. सीबीआइ ने दूधवाले, पेट्रोल पंप कर्मचारी, पुलिसकर्मी, डॉक्टर सहित कई लोगों से पूछताछ की. इसके अलावा आरोपियों का नार्को टेस्ट भी करवा चुकी है. फिर भी मौत की पहेली नहीं सुलझी है. सीबीआइ सैकड़ों लोगों से पूछताछ के साथ-साथ 5 लाख रुपये के इनाम की भी घोषणा कर चुकी है.

इसे भी पढ़ें : तालिबान की तारीफ कर बुरे फंसे पाकिस्तानी क्रिकेटर शाहिद अफरीदी, ट्रोल हुए, देखें VIDEO

धनबाद में जज उतम आनंद की मौत 28 जुलाई को ऑटो से टक्कर लगने से हो गयी थी. लगभग एक महीने बीत जाने के बाद भी मौत की गुत्थी सीबीआइ नहीं सुलझा सकी है. अब भी जज की मौत पहेली बनी हुई है. झारखंड हाइकोर्ट को सीबीआइ ने सीलबंद स्टेटस रिपोर्ट सौंपी थी. उसमें सीबीआइ ने यही कहा था कि इस मामले में साज़िशन हत्या होने के बारे में सुराग नहीं मिले हैं. वहीं, जानकारी के अनुसार आरोपियों ने नार्को व अन्य टेस्ट के दौरान एक्सीडेंट होने की ही बात बार-बार कही है.

इसे भी पढ़ें : गढ़वा : शिकार खेलने गये तीन ग्रामीणों की पत्थरीली गुफा में दम घुटने से मौत

जज उतम आनंद मौत मामले की जांच कर रही सीबीआइ ने लखन वर्मा और राहुल वर्मा को रिमांड पर लेकर पूछताछ की. वहीं सीबीआइ ने इस मामले में पेट्रोल पंप कर्मचारी, घटना के दिन मौजूद आसपास के लोग, ऑटो मालिक, डॉक्टर, पुलिसकर्मी, दूधवाला सहित सैकड़ों लोगों से पूछताछ की है.

जज मौत मामले में आरोपी राहुल एवं लखन फिलहाल सीबीआइ हिरासत में हैं. सीबीआइ दोनों को लेकर ब्रेन मैंपिंग, नार्को टेस्ट कराने गुजरात गयी है. सूत्रों के अनुसार, दोनों ही आरोपी लगातार इस कांड में किसी साजिश से इंकार कर रहे हैं. साथ ही कह रहे हैं कि उनलोगों के वाहन से ही टक्कर लगी थी. घटना के बाद लखन को पुलिस ने गिरिडीह तथा राहुल को धनबाद स्टेशन से गिरफ्तार किया था.
तहकीकात में पता चला था कि जिस ऑटो से जज उत्तम आनंद को टक्कर मारी गयी थी, वह चोरी का ऑटो था. जज को टक्कर मारनेवाला ऑटो पाथरडीह की रहनेवाली सुगनी देवी का है. सुगनी के अनुसार उसका ऑटो चोरी हो गया था. घटना से पहले लखन ने एक घर से मोबाइल भी चोरी भी की थी.

इसे भी पढ़ें :घोटालाः बरहेट लैम्पस से 1200 क्विंटल धान गायब, जांच शुरू

सीबीआइ ने धनबाद जज हत्याकांड के साजिशकर्ताओं के बारे में विश्वसनीय जानकारी देनेवाले को 5 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी. शहर के हर चौक-चौराहों पर पोस्टर लगा कर लोगों से अपील की थी कि यदि कोई व्यक्ति न्यायाधीश के हत्यारों या उससे संबंधित कोई भी जानकारी रखता हो तो वह सीबीआइ स्पेशल क्राइम ब्रांच वन नयी दिल्ली कैंप व सीएसआइआर सत्कार गेस्ट हाउस धनबाद में इसकी सूचना दें.

जानकारी के अनुसार सीबीआइ दोनों आरोपियों को लेकर जल्द धनबाद पहुंचेगी और एक बार फिर सीबीआइ जांच शुरू करेगी. लेकिन एक महीने बीत जाने के बाद भी सीबीआइ किसी नतीजे पर नहीं पहुची है कि जज की मौत एक दुर्घटना है या हत्या.

इसे भी पढ़ें :पंचायत चुनाव: मतदान के दिन ग्राम पंचायत सदस्य और पंच पद के प्रत्याशी को पैदल ही घूमना होगा

Related Articles

Back to top button