
नई दिल्ली : बिहार में दो चरणों में हुए विधानसभा चुनाव में एनडीए ने 243 सीटों में से रिकार्ड 202 सीटों पर जीत हासिल की है. पिछली बार 2020 के चुनाव में मिली सफलता के मुकाबले यह बड़ी जीत है. इस चुनाव में बीजेपी को 89, जदयू को 85, लोजपा(रा) को 19, जीतनराम मांझी की पार्टी हम को 5 और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 4 सीटें मिली है. वहीं महागठबंधन को इस बार सिर्फ 35 सीटें मिली हैं. इसमें राजद को 25, कांग्रेस को 6, भाकपा माले को 2, माकपा को एक और इंक्लूसिव पार्टी को एक सीट मिली है. जबकि ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम को पांच और बसपा को एक सीट मिली है.
कट्टा सरकार अब कभी नहीं लौटेगी -PM मोदी

बिहार में आए चुनाव परिणाम और एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया। जो छठ पूजा को ड्रामा कह सकते हैं, वो बिहार की इज्जत क्या करेंगे। कट्टा सरकार अब वापस नहीं आएगी।” बीजेपी मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं और गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में पीएम मोदी ने गमछा लहराकर उपस्थित लोगों का अभिवादन किया. इस दौरान पूरा परिसर छठी मइया के जयकारों से गूंज उठा. बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि जनता ने जंगलराज के खिलाफ विकास को चुना है.
इससे पहले बिहार में आए चुनाव परिणाम को लेकर अपने एक्स हैंडल पर पीएम मोदी ने लिखा, “सुशासन की जीत हुई है। विकास की जीत हुई है। जन-कल्याण की भावना की जीत हुई है। सामाजिक न्याय की जीत हुई है। बिहार के मेरे परिवारजनों का बहुत-बहुत आभार, जिन्होंने 2025 के विधानसभा चुनावों में एनडीए को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व जीत का आशीर्वाद दिया है। यह प्रचंड जनादेश हमें जनता-जनार्दन की सेवा करने और बिहार के लिए नए संकल्प के साथ काम करने की शक्ति प्रदान करेगा।”

आगे उन्होंने लिखा, “एनडीए ने राज्य का चौतरफा विकास किया है। लोगों ने हमारे ट्रैक रिकॉर्ड और राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के हमारे विजन को देखकर हमें भारी बहुमत दिया है। मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी और एनडीए परिवार के हमारे सहयोगी चिराग पासवान जी, जीतन राम मांझी जी और उपेंद्र कुशवाहा जी को इस जबरदस्त जीत के लिए हार्दिक बधाई देता हूं।”
“मैं एनडीए के प्रत्येक कार्यकर्ता का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अथक परिश्रम किया है। उन्होंने जनता के बीच जाकर हमारे विकास के एजेंडे को सामने रखा और विपक्ष के हर झूठ का मजबूती से जवाब दिया। मैं उनकी हृदय से सराहना करता हूं! आने वाले समय में हम बिहार के विकास, यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्य की संस्कृति को नई पहचान देने के लिए बढ़-चढ़कर काम करेंगे। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यहां की युवा शक्ति और नारी शक्ति को समृद्ध जीवन के लिए भरपूर अवसर मिले।”




