
Ranchi: अडानी इंटरप्राइजेज लि. को केंद्र सरकार के आदेश से हजारीबाग स्थित गोन्दूलपारा कोयला खान आवंटित किया गया है. कोयला मंत्रालय ने बड़कागांव (हजारीबाग) स्थित गोन्दूलपारा कोयला खान को आवंटित किए जाने का आदेश पिछले साल (8-3-2021, आदेश सं- NA-104/10/2020-NA) जारी किया था. इसके तहत 551.58 एकड़ जमीन का अधिग्रहण होना है. इसे देखते हजारीबाग जिला प्रशासन ने ग्राम सभा आयोजित करने की पहल शुरू की है. इसके लिए बलोहर, हाहे एवं फुलाग गाँव के ग्रामीणों के लिए प्राइमरी स्कूल, बलोहर के समीप स्कूल प्रांगण में 10 अक्टूबर तय किया है. गाली गाँव के लिए इसी गाँव के प्राथमिक स्कूल में 12 अक्टूबर को 11.30 बजे से ग्राम सभा होगी. 18 अक्टूबर को गोन्दलपुरा के ग्रामीणों के लिए पंचायत भवन, गोन्दलपुरा में ग्राम सभा 11.30 बजे से शुरू होगी.
इसे भी पढ़ें: बिना ओबीसी आरक्षण के ही झारखंड में होंगे नगर निकाय चुनाव-2023,कैबिनेट नोट तैयार
इनकी रहेगी भागीदारी
10,12 और 18 अक्टूबर को होने वाली ग्राम सभा में जिला प्रशासन हजारीबाग की टीम भी रहेगी. इसके लिए जिला भू- अर्जन कार्यालय की ओर से कानूनगो सुनील कुमार सिंह, अमीन राजू दास और परमानंद महतो को जवाबदेही दी गई है.
सामाजिक समाघात का ड्राफ्ट तैयार
नाबार्ड कंसल्टेंसी सर्विस प्राइवेट लिमिटेड (NABCOM), करमटोली, रांची को एसआइए इकाई के तौर पर अधिकृत किया गया है. उसकी ओर से गोन्दलपुरा कोयला खान, बड़कागांव के लिए सामाजिक समाधान निर्धारण अध्ययन के क्रम में सामाजिक समाघात अध्ययन कर इसका ड्राफ्ट तैयार किया जा चुका है. सभी संबंधित कार्यालय और पक्षकारों को भी उपलब्ध कराया जा चुका है.




