
Lohardaga: लोहरदगा पुलिस ने गुप्त सूचना पर उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है. इन उग्रवादियों के पास से पुलिस ने एक पल्सर मोटरसाइकिल और दो हथियार बरामद किए हैं. तीनों उग्रवादी पीएलएफआई के हार्डकोर उग्रवादी और एरिया कमांडर कृष्णा यादव उर्फ सुल्तान के नजदीकी बताए जा रहे हैं. हालांकि, पुलिस पीएलएफआई के हार्डकोर उग्रवादियों की गिरफ्तारी को लेकर कुछ भी कहने से बच रही है. बताया जाता है कि एसपी आर. रामकुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि पीएलएफआई के तीन उग्रवादी हथियार के साथ कुडू थाना क्षेत्र में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए पहुंचे हुए हैं, जिसके बाद एसपी आर. रामकुमार ने कुडू थाना प्रभारी विश्वजीत कुमार सिंह को मामले की जानकारी देते हुए गुप्त तरीके से जांच करते हुए छापेमारी कर उग्रवादियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया. इसी बीच कुडू ब्लाक मोड़ के पास पुलिस ने वाहन जांच में पीएलएफआई के तीन उग्रवादी को हथियार के साथ पकड़ा. पुलिस इन सभी उग्रवादियों से लेवी वसूली, धमकी देने, गोली कांड समेत अन्य मामलों में गहनता के साथ पूछताछ कर रही है.




