Khas-KhabarRanchi

पंचायतों में 9.03 लाख LED लाइट लगाने में 243 करोड़ खर्च करेगा विभाग, EESL को ठेका

Deepak

Ranchi: झारखंड सरकार ने राज्य के 4517 पंचायतों में दो-दो सौ एलइडी लाइट लगवाने का फैसला लिया है. 9.03 लाख से अधिक एलइडी लाइट लगाने के लिए नोएडा की कंपनी ईईएसएल का चयन मनोनयन (नोमिनेशन) के आधार पर किया है. शहरों में एलइडी लाइट वितरण करने के बाद अब ईईएसएल ग्रामीण क्षेत्रों में एलइडी स्ट्रीट लाइट लगायेगी. ग्रामीण विकास विभाग की तरफ से एलइडी लाइट लगाने के लिए 243 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किये जायेंगे.

इसे भी पढ़ेंःउत्तरप्रदेश में भाजपा के सांसद शरद त्रिपाठी और विधायक राकेश सिंह आपस में भिड़े, गालियों और जूते की…

24 वाट के लगेंगे एलइडी लाइट्स

24 वाट के एलइडी लाइट सभी पंचायतों में लगाये जायेंगे. जानकारी के अनुसार, एक स्ट्रीट लाइट 800 रुपये से 900 रुपये में खरीदी जायेंगी. इसमें रख-रखाव का शुल्क भी शामिल है. ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव अविनाश कुमार ने इस संबंध में सभी जिलों के उपायुक्त और उप विकास आयुक्त को पत्र लिख कर गांव की गलियों में पेभर ब्लॉक लगाने, गांवों में वाटर पाइप आपूर्ति की व्यवस्था करने और स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए ग्राम सभा की बैठक कर विभाग को प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया था. सभी उपायुक्तों को पत्रांक (एन) 553, दिनांक 18.2.2019 को पत्र लिख कर यह आग्रह किया गया था.

इसे भी पढ़ेंः राहुल ने कहा- राफेल की फाइलें गायब हो गयी हैं,  30 हजार करोड़ के घोटाले में मोदी को बचाने की कोशिश

ईईएसएल को नोमिनेट करने का था काफी दवाब  

राज्य सरकार पर ईईएसएल को नोमिनेट करने का काफी दवाब था. पहले सरकार की तरफ से ईईएसएल ने अपनी कंसलटिंग फीस, शुल्क के रूप में 14 प्रतिशत की मांग की थी. इसके बाद ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों ने मांगे गये शुल्क, फीस को काफी अधिक बताते हुए मुख्यमंत्री से सलाह मांगी थी. इसको लेकर 18 बिंदुओं पर मुख्यमंत्री रघुवर दास की महत्वपूर्ण बैठक ग्रामीण विकास विभाग के सचिव और पंचायती राज विभाग के सचिव के साथ की. बैठक कर ईईएसएल के मनोनयन को मंजूरी दी थी.

इसे भी पढ़ेंःकैबिनेटः हाउसिंग बोर्ड की जमीन फ्री होल्ड करने के लिए बनी समिति, पुलिस को अब 13 महीने का वेतन 

तीन प्रतिशत फीस देने पर हुई है सहमति: प्रवीण टोप्पो

पंचायती राज विभाग के सचिव प्रवीण टोप्पो ने बताया कि ईईएसएल को विभाग की तरफ से शुल्क के रूप में तीन फीसदी दिया जायेगा. इसमें रख-रखाव का शुल्क अलग से दिया जायेगा. उन्होंने बताया कि सभी जिलों से एलइडी की सूची मंगायी गयी है. सरकार दो से तीन महीनों के अंदर सभी पंचायतों में एलइडी स्ट्रीट लाइट लगा देगी. इतना ही नहीं, सभी पंचायतों में एलइडी के लिए पोल लगा दिये गये हैं. सरकार ईईएसएल से सिर्फ लाइट ले रही है.

इसे भी पढ़ें- 91 शराब दुकानों की नीलामी में आधे से अधिक पर शाहाबादी समूह का कब्जा

Related Articles

Back to top button