
Jamshedpur : गर्मी के मौसम से बिगड़ी बिजली व्यवस्था में अब सुधार हो गया है. उसके बाद विभाग का पूरा जोर बिजली चोरी रोकने पर है. इसे लेकर कोल्हान भर में दनादन छापेमारी की जा रही है. इससे बिजली का अवैध कनेक्शन लेनेवालो में हड़कंप मच गया है.
1188 घरों में छापा, 218 लोगों पर एफआईआर
इस कड़ी में विभाग के जमशेदपुर सर्किल के अलावा मानगो डिवीजन, घाटशिला, चाईबासा, चक्रधरपुर, सरायकेला और आदित्यपुर क्षेत्रों में बुधवार को सघन अभियान चलाया गया. इस दौरान विभागीय टीम ने पुलिस के सहयोग से कुल 1188 घरों में छापेमारी की गई. इसमें 218 लोगों पर संबंधित थानो में बिजली चोरी का मामला दर्ज किया गया. साथ ही बतौर जुर्माना 32 लाख 43 हजार छह रुपये वसूली गई. यह अभियान जमशेदपुर एरिया बोर्ड के महाप्रबंधक श्रवण कुमार के आदेश पर चलाया गया.
चाईबासा सर्किल में ज्यादा जुर्माना वसूली
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक अभियान के दौरान जमशेदपुर सर्किल के जमशेदपुर, आदित्यपुर, घाटशिला और मानगो डिवीजन के मुकाबले चाईबासा सर्किल में ज्यादा घरों में छापेमारी हुई. इस लिहाज से चाईबासा सर्किल में बिजली चोरी को लेकर जुर्माना भी ज्यादा वसूला गया. जमशेदपुर, आदित्यपुर, घाटशिला और मानगो डिवीजन में कुल 545 घरों में छापेमारी की गई. इसमें 98 लोगों पर संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज किया गया. साथ ही आरोपियों से बतौर जुर्माना 15 लाख 21 हजार 451 रुपये वसूले गए. इसके मुकाबले चाईबासा सर्किल के चाईबासा, चक्रधरपुर और सरायकेला में कुल 643 घरों में छापेमारी की गई. इस दौरान 120 लोगों पर विभिन्न थानों में प्राथमिकी दर्ज करने के अलावा 17 लाख 21 हजार 451 रुपया बतौर जुर्माना वसूला गया. विभाग का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.
ये भी पढ़ें-हेमंत का मोदी के समक्ष झुकना, बाबूलाल का दिल्ली जाना… झारखंड की राजनीति में कुछ तो बड़ा होने वाला है




