Deoghar

देवघर नगर निगम परिसर में मेरी माटी, मेरा देश अभियान का शुभारंभ

Deoghar: आज से देश भर में मेरी, माटी मेरा देश अभियान का शुभारंभ किया गया. इसी सिलसिले में नया देवघर नगर निगम कार्यालय परिसर में नगर आयुक्त सह प्रशासक शैलेंद्र कुमार लाल के नेतृत्व में बुधवार को अभियान की शुरुआत की गई. मौके पर नगर आयुक्त सहित अन्य लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई. साथ ही पौधरोपण भी किया गया. मौके पर नगर आयुक्त ने कहा कि 15 अगस्त को देश अपना 77वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा. इस बार का आजादी का पर्व कई मायनों में खास होगा. सरकार ने मेरी माटी मेरा देश अभियान के साथ इस बार स्वतंत्रता दिवस मनाने का कार्यक्रम बनाया है. यह अभियान नौ अगस्त को शुरू किया जाएगा और स्वतंत्रता दिवस तक चलेगा. उन्होंने कहा कि पिछले साल केंद्र सरकार द्वारा हर घर तिरंगा अभियान की घोषणा की गई थी. इसके बाद देशभर में लोगों ने बड़े उत्साह से अपने घरों में तिरंगा फहराया था. अब इस बार देशवासी मेरी माटी मेरा देश अभियान के साथ आजादी के पर्व को मनाएंगे. अपने हालिया संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा था कि अमृत महोत्सव की गूंज और 15 अगस्त करीब आने के बीच, देश में एक और महान अभियान शुरू होने की कगार पर है. हमारे वीर पुरुषों और महिलाओं के सम्मान में मेरी माटी मेरा देश अभियान शुरू किया गया है. इस अभियान का उद्देश्य उन बहादुर स्वतंत्रता सेनानियों और वीरों का सम्मान करना है, जिन्होंने देश के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया. मेरी माटी मेरा देश आजादी का अमृत महोत्सव का समापन कार्यक्रम होगा, जिसके तहत भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने का उत्सव मनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पिछले साल आयोजित राष्ट्रव्यापी अभियान, हर घर तिरंगा बेहद सफल रहा था और इस साल आजादी का अमृत महोत्सव के तहत एक और महत्वाकांक्षी कार्यक्रम मेरी माटी मेरा देश शुरू किया गया है. अभियान के तहत हमारे अमर शहीदों की याद में देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन विभूतियों की स्मृति में देश की लाखों ग्राम पंचायतों में विशेष शिलालेख भी लगाए जाएंगे. इस अभियान के तहत देशभर में अमृत कलश यात्रा भी आयोजित की जाएगी. वीरों को श्रद्धांजलि के रूप में शिलाफलकम स्थापित करना, मिट्टी का नमन और वीरों का वंदन; मेरी माटी मेरा देश अभियान के प्रमुख घटक हैं. शिलाफलकम् की स्थापना जैसे कार्यक्रमों के साथ-साथ पंच प्राण प्रतिज्ञा, वसुधा वंदन, वीरों का वंदन जैसी पहल शामिल होंगी, जो हमारे वीरों के वीरतापूर्ण बलिदानों का सम्मान करती हैं. गांव, पंचायत, ब्लॉक, कस्बे, शहर, नगर निगम, नगर पालिका आदि के स्थानीय वीरों के बलिदान की भावना को सलाम करने वाली शिलाफलकम या स्मारक पट्टिकाएं शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित की जाएंगी. इसमें उस क्षेत्र से संबंधित उन लोगों के नाम के साथ प्रधानमंत्री का संदेश होगा, जिन्होंने देश के लिए अपना जीवन न्यौछावर कर दिया था. उन्होंने कहा कि 9 से 30 अगस्त, 2023 तक मेरी माटी मेरा देश अभियान के अंतर्गत गांव और ब्लॉक स्तर, स्थानीय शहरी निकायों के साथ-साथ राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. कार्यक्रम के दौरान पंच प्रण शपथ लिया गया. जिसमें भारत को विकसित देश बनाना है, गुलामी की मानसिकता को जड़ से निकाल फेंकना है, देश की समृद्ध विरासत पर गर्व करना है, एकता और एकजुटता के लिए कर्तव्यबद्ध रहना है, नागरिक का कर्तव्य निभाना है, देश की रक्षा करने वालों का सम्मान करना है तथा भारत 2047 में विकसित देश बनाने का सपना साकार करना है. कार्यक्रम में

अर्बन लोकल बाडिज इंप्लाइज फेडरेशन के अध्यक्ष संजय मंडल, नगर निगम के कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार सिंह, सहायक अभियंता पारस कुमार, वैदेही शरण, नगर प्रबंधक सुधांशु शेखर, अनुज राकेश, नगर मिशन प्रबंधक कौशल किशोर, शहरी निवेशक मंजू कुमारी, कनीय अभियंता मुकुल कुमार, प्रफुल्ल चंद्र राय, सुमन कुमार, सूरज कुमार शर्मा, अरविंद कुमार, टैक्स दरोगा जय शंकर शाह, प्रधान सहायक प्रकाश भारद्वाज, नवनीत राज, सामुदायिक संगठनकर्ता  स्मिता कुमारी, सविता कुमारी, अल्का सोनी, श्वेता कुमारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

Related Articles

Back to top button