World

पाकिस्तान : क्वेटा में एक मतदान केंद्र के पास आत्मघाती हमले में 31 लोग मारे गये

Islamabad : पाकिस्तान के क्वेटा में आम चुनावों के लिए हो रहे मतदान के दौरान एक मतदान केंद्र के नज़दीक हुए धमाके में कम से कम 31 लोगों के मारे जाने की खबर है. धमाका पूर्वी बाईपास पर बनाये गये मतदान केंद्र के नजदीक हुआ. बता दें कि पाकिस्तान में आज 25 जुलाई को राष्ट्रीय और प्रांतीय असेंबली के लिए मतदान चल रहा है. डीआईजी सिटी डी एतजाज गोराया के अनुसार धमाके में 31 लोग मारे गये हैं. धमाके की ज़िम्मेदारी चरमपंथी समूह दौलत-ए-इस्लामिया ने ली है. उन्होंने अपनी समाचार एजेंसी एमाक पर इस संबंध में बयान जारी किया है. एतजाज गोराया ने भी इस बात की पुष्टि की है कि यह एक आत्मघाती हमला था. एक स्थानीय अधिकारी हाशिम गिलजई ने बताया कि हमलावर मतदान केंद्र के भीतर घुसने की कोशिश कर रहा था. जब पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने खुद को उड़ा लिया.

इसे भी पढ़ेंःकांग्रेस ने राफेल डील पर मोदी और सीतारमण के खिलाफ दिया विशेषाधिकार हनन का नोटिस

मारे गये लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल

क्वेटा के एक अस्पताल के डॉक्टर मोहम्मद जफर का कहना है कि बुधवार को हुए हमले में मारे गये लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. हमले में 40 अन्य लोग घायल भी हुए हैं. धमाके में मरने वालों में पुलिसकर्मी भी शामिल हैं.घायलों का सोल अस्पताल में इलाज चल रहा है. संवाददाता काज़िम ने बताया कि धमाके के बाद क़रीबी मतदान केंद्र पर मतदान रोक दिया गया था जो अब बहाल कर दिया गया है. चुनाव प्रचार के दौरान भी बलूचिस्तान में एक बड़ा धमाका हुआ था, जिसमें 150 से ज्यादा लोग मारे गये थे.

इसे भी पढ़ेंःमराठा आंदोलन : मुंबई बंद को लेकर उग्र हुआ प्रदर्शन, बसों पर हमला, इंटरनेट सेवा ठप

पीएमएलएन, पीपीपी, पीटीआई ने हमले की निंदा की

धमाके के बाद पाकिस्तान की तीन प्रमुख पार्टियों पीएमएलएन, पीपीपी, पीटीआई के नेताओं ने इस घटना की निंदा की है. पीटीआई के चेयरमैन इमरान ख़ान ने ट्वीट किया, क्वेटा में हुए निंदनीय आंतकी हमला पाकिस्तान के दुश्मनों द्वारा हमारी लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बाधित करने के लिए हुआ है. बेगुनाह लोगों के मारे जाने से दुखी हूं. पाकिस्तानियों को भारी तादाद में मतदान करके आतंकी मंसूबों को हराना चाहिए. पाकिस्तान पीपल्स पार्टी ने भी इस घटना की निंदा की है. पीपीपी ने ट्वीट किया है,

राष्ट्र आज दहशतगर्दी के खििलाफ अपना फ़ैसला वोट की ताकत से दे दे. पीपल्स पार्टी के पोलिंग कैंप के बाहर धमाके में तीन कार्यकर्ता घायल हुए हैं. पीपीपी का कहना है कि यह चरमपंथी का मामला हो सकता है और इससे उनके मतदाताओं को डराया नहीं जा सकता है. इससे पहले खैैबर पख़्तूनख़्वा प्रांत के सवाबी शहर में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ और आवामी नेेशनल पार्टी के समर्थकों के बीच हुई हिंसा में एक शख़्स की मौत हुई थी और चार लोग घायल हुए हैं.

इसे भी पढ़ेंःटंडवा की तरह धनबाद के छह कोलियरियों में भी कोल ट्रांसपोर्टरों से हर माह 8.40 करोड़ की अवैध वसूली !

तीन लाख 70 हजार सेना के जवान ड्यूटी पर तैनात

मतदान की सुरक्षा और तालिबान के ख़तरे के मद्देनजर तीन लाख़ 70 हजार सेना के जवानों को ड्यूटी पर लगाया गया है. पाकिस्तान में केंद्रीय असेंबली के लिए 270 सामान्य सीटों पर मतदान जारी है. चुनाव में 95 पार्टियों की 11,676 उम्मीदवार मैदान में हैं. चारों सूबों और केंद्रीय राजधानी में रजिस्टर्ड मतदाताओं की संख्या 10 करोड़ 59 लाख 55 हज़ार 409 है.

न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.

Related Articles

Back to top button