
Koderma: मंगलवार को जिले के जयनगर थाना अंतर्गत तरवन गांव में एक कुएं से 38 वर्षीया महिला और उसके 8 वर्षीय पुत्र का शव एक कुएं से बरामद किया गया. इस बाबत मृतका के पिता टीपन महतो ने अपनी पुत्री के ससुराल वालों पर हत्या कर शव को कुएं में डालने का आरोप लगाया है. थाना को दिए आवेदन में कटिया निवासी टीपन महतो ने कहा है कि पुत्री सुमन देवी की शादी 18 वर्ष पूर्व तरवन के उपेन्द्र यादव पिता दिलीप यादव के साथ की थी. ससुराल के लोग बराबर मारपीट और प्रताड़ित किया करते थे. इसी क्रम में मेरा दामाद उपेन्द्र यादव की किरासन तेल से जलाकर हत्या कर दी गयी. उसके बाद मेरी बेटी का देवर राजेश यादव, ससुर दिलीप यादव, सास जसवा देवी, गोतनी सरिता देवी और ननद कंचन देवी जगह जमीन सम्पति हडपने की नीयत से प्रताड़ित करने लगे. विगत एक सप्ताह से विवाद चला आ रहा था जिसकी जानकारी मेरी पुत्री ने फोन पर दिया था. उन्हें फोन से सूचना मिली कि मेरी पुत्री सुमन देवी और नाती प्रेम कुमार (उम्र 8 वर्ष) की हत्या कर शव को छुपाने के नियत से कुआं में डाल दिया गया है. वहीं 12 वर्षीया नतनी प्रियांशु भी गायब है. इधर मामले की सूचना पाकर थाना प्रभारी विकास कुमार पासवान दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मां पुत्र के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.



