JharkhandKoderma

दुर्गा पूजा एवं अन्य त्योहारों को लेकर डीसी व एसपी ने की बैठक

Koderma : दुर्गा पूजा को लेकर शनिवार को उपायुक्त आदित्य रंजन व पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव की संयुक्त अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक समाहरणालय सभागार में संपन्न हुई. उपायुक्त ने बैठक में उपस्थित दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार को संपन्न कराने की बात कही. उपायुक्त ने सभी पुलिस पदाधिकारियों व दण्डाधिकारियों को पंडाल निरीक्षण करने का निर्देश दिए. साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया. इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने प्रखंडवार होने वाले मेले का आयोजन की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिये. मेले के मद्देनजर मुख्य चौराहों पर लाइट की व्यवस्था करने की बात कही. कार्यपालक अभियंता को बिजली के लटके तार को ठीक करने का निर्देश दिया गया. साथ ही मूर्ति विसर्जन के मद्देनजर तालाबों के पास बिजली व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया. शहरी क्षेत्रों के सभी पूजा पंडालो पर पार्किंग की व्यवस्था करने की बात कही. शहरी क्षेत्रों के बड़े पूजा पंडालों में दो एएनएम व फर्स्ट ऐड की व्यवस्था करने की बात कही. उपायुक्त ने कहा कि पूजा पंडाल नियमानुसार लाउडस्पीकर और डीजे का इस्तेमाल करें.

सोशल मीडिया पर पुलिस की नजर

पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने कहा कि दशहरा पर्व, दुर्गा पूजा के निमित्त विधि व्यवस्था के संधारण एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस व विभाग आपस में समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करेंगे. आमजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, ऐसी व्यवस्था करना है. पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखी जाएंगी. सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने से बचें. बैठक में मुख्य रूप से अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार, अपर समाहर्ता अनिल तिर्की, जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रमोद राम, सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शिवनंदन बड़ाईक, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी व अन्य मौजूद थे.

 

Related Articles

Back to top button