
New Delhi: दस दिन पहले अरब सागर से उठा बिपरजॉय तूफान गुजरात में तबाही मचाने के बाद अब राजस्थान की ओर बढ़ रहा है. गुजरात के कच्छ, सौराष्ट्र समेत आठ जिलों तूफान का असर दिख रहा है. इन जिलों जिलों में तेज हवाएं चल रही हैं और बारिश हो रही हैं. कच्छ और सौराष्ट्र के तट बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं. भावनगर जिले से दो लोगों की मौत व 22 के घायल होने की सूचना है. मरने वालों एक पिता-पुत्र भी है.

गुजरात में जगह-जगह पेड़ और खंभे गिर गए। तूफान के कारण महेसाणा, दाहोद, खंभात और भावनगर में 5 लोगों की मौत हुई. 22 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. इससे पूर्व गुरुवार शाम साढ़े छह बजे तूफान कच्छ के जखौ तट से टकराया था. लैंडफॉल आधी रात तक चला. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 115 से 125 किमी प्रति घंटे रही. अच्छी बात यह है कि शुक्रवार सुबह के बाद तूफान की ताकत बहुत तेजी से कम हो रही है.
मौसम विभाग के मुताबिक, गुजरात के साथ दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में भी शुक्रवार को भारी बारिश होगी, जो शनिवार को सिर्फ राजस्थान में जारी रहेगी. रविवार को पूर्वी राजस्थान, उससे लगे हरियाणा, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश देने के बाद यह सिस्टम बिल्कुल कमजोर हो जाएगा. मौसम विभाग के मुताबिक, इस तूफान ने राजस्थान में एंट्री डिप्रेशन के रूप में प्रवेश किया है. सबसे ज्यादा समय तक पाकिस्तान-गुजरात की सीमा के पास बाड़मेर में रहेगा। यह शुक्रवार देर शाम तक बालोतरा, जोधपुर की सीमा तक आकर कमजोर पड़ सकता है.




