
Latehar: मनिका थाना क्षेत्र के मटलोंग पंचायत के माइल गांव के निरेध टोला में गुरुवार की सुबह दर्दनाक हादसा हुआ है. जहां खेत में काम करने के दौरान करंट लगने से पति पत्नी और पुत्र की मौत हो गई. घटना के बाद से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है. परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है. सूचना मिलने पर मनिका थाना प्रभारी शुभम कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया है.

इसे भी पढ़ें : बंगाल के हासीमारा एयरबेस पर तैनात हुआ राफेल लड़ाकू विमान, पुख्ता होगी चीन की निगहबानी
जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 4 बजे के आसपास हुई. मृतकों में गंगेश्वर सिंह (60 वर्ष) धनोया देवी (58 वर्ष) और बबलू सिंह (22 वर्ष) शामिल है. मिली जानकारी के अनुसार परिवार के तीनों सदस्य खेत में धान रोपने के लिए सिंचाई के लिए गए हुए थे. इसी दौरान करंट की चपेट में आ गए, जिससे तीनों की मौत मौके पर हो गई. अनुमान लगाया जा रहा है कि परिवार के एक सदस्य को करंट लगने के बाद उन्हें बचाने में बारी बारी से दो अन्य लोगों की मौत हो गई.

इसे भी पढ़ें : कोरोनारोधी वैक्सीन कोविशील्ड व कोवाक्सिन की कीमतों में वृद्धि, सरकार पर बढ़ेगा बोझ
घटना की सूचना मिलने पर भाजपा नेता रघुपाल सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर उनको ढांढस बनाया. अचानक हुई इस घटना से गांव शोक में डूब गया है. एक परिवार से तीन लोगों की मौत हो जाने से पूरा गांव सकते में है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि शव का दाह संस्कार किया जा सके.




