JharkhandJharkhand PanchayatPalamu

पलामू : अंतिम चरण में रिकॉर्ड 72.32 प्रतिशत मतदान, तीन चरणों की अपेक्षा अधिक वोटिंग

Palamu : गांव की सरकार बनाने के लिए पलामू जिले में चौथे एवं अंतिम चरण का मतदान शुक्रवार को हुआ. जिले के पांच प्रखंड पांडू, विश्रामपुर, चैनपुर, रामगढ़ एवं सदर मेदिनीनगर प्रखंड में वोटिंग हुई. इसके लिए 796 बूथ बनाए गए हैं. दोपहर 3 बजे तक रिकॉर्ड 72.33 प्रतिशत मतदान हुआ. अबतक तीन चरण में हुए मतदान में सबसे अधिक वोटिंग का यह आंकड़ा है. बताते चलें कि इससे पहले प्रथम चरण में 65.43 प्रतिशत, द्वितीय चरण में 69.67 प्रतिशत, तृतीय चरण में 71.41 प्रतिशत मतदान हुआ था.

 

कहां कितना हुआ मतदान

दोपहर 1 बजे तक पांच प्रखंडों के 796 बूथों पर 65 प्रतिशत तक मतदान होने से अंदाजा लग गया था कि वोटिंग का आंकड़े इस बार चौकाने वाला आ सकता है. बंपर वोटिंग की संभावना थी. हुआ भी ऐसा ही. तीन चरणों की अपेक्षा एक से डेढ़ प्रतिशत अधिक वोटिंग हुई. सबसे अधिक चैनपुर में 75.25 प्रतिशत मतदान हुआ. वहीं सुदूरवर्ती और नक्सल प्रभावित रामगढ़ में 71.26 प्रतिशत वोट डाले गए. सदर मेदिनीनगर में 73.5. प्रतिशत, विश्रामपुर में 69.84 एवं पांडू में सबसे कम 67.70 प्रतिशत मतदान हुआ है.

चौथे चरण की वोटिंग को लेकर शुक्रवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ. मतदान को लेकर वोटरों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. कई बूथों पर वोटिंग शुरू होने से पहले ही वोटर पहुंच गए थे और मतदान शुरू होने की प्रतिक्षा कर रहे थे. जैसे ही मतदान शुरू हुआ, सभी ने कतारबद्ध होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया.

मतदान को लेकर भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गयी थी, जो हरेक गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे. वहीं मतदान पदाधिकारियों, कर्मियों की सुरक्षा को लेकर तत्पर थे. पांच प्रखंडों में 796 मतदान केन्द्र बनाये गये थे. वहीं 282617 मतदाता हैं. इसमें 148954 पुरूष एवं 133663 महिला मतदाता शामिल हैं. ग्राम पंचायतों की संख्या 62, प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या 796, मुखिया के निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या 62, पंसस के 80 एवं जिला परिषद के 7 है. इसके विरूद्ध जिला परिषद पद के लिए 60, पंसस के लिए 341, मुखिया के लिए 474 एवं वार्ड सदस्य के लिए 1126 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. मतदान केन्द्रों पर 3184 मतदानकर्मी लगाये गये थे.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त शशि रंजन एवं पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान के लिए चैनपुर, सदर प्रखंड क्षेत्र के कई मतदान केन्द्रों का जायजा लिया. डीसी ने जहां मतदानकर्मियों से बात की, वोटरों से शांति पूर्ण तरीके से मतदान करने की अपील की. इसी तरह एसपी ने मतदान केन्द्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए.

इसे भी पढ़ें : झारखंड : सीएम सपोर्ट पेट्रोल सब्सिडी योजना: बढ़ने के बजाय घट गए लाभुक

Related Articles

Back to top button