
Ranchi: सीएम सपोर्ट पेट्रोल सब्सिडी योजना ऐसी योजना बन गई है जिसमें लाभुकों की संख्या बढ़ने की बजाय लगातार घट रही है. यह योजना 26 जनवरी 2022 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गणतंत्र दिवस के मौके पर पर उपराजधानी दुमका से सीएम सपोर्ट पेट्रोल सब्सिडी योजना की शुरुआत की थी. उस वक्त रांची जिला में भी जनवरी माह में जबरदस्त उत्साह नजर आया. 15361 लोगों को योजना का लाभ मिला. इनके खाते में 250 रुपये की दर से कुल 38,40,250 रुपये भेजे गए. इसके बाद फरवरी में ही संख्या बढ़ने की बजाय 443 लाभुक घट गए. 14918 ने ही री-रजिस्ट्रेशन किया. जिसके बाद उनके खाते में 37,29,500 रुपये सब्सिडी की राशि भेजी गई. मगर तिसरे माह यानि मार्च में यह आंकड़ा 69 प्रतिशत तक कम हो गया. महज 4673 लोगों ने ही रजिस्ट्रेशन कर योजना का लाभ लिया. उनके बीच 11,68,250 रुपये सब्सिडी राशि का वितरण किया गया.
इसे भी पढ़ें : सीबीआई रेड के बाद बोले बंधू तिर्की, पहले भी उपचुनाव से पहले CBI का हुआ इस्तेमाल
अफवाह की वजह से भी लोग नहीं करा रहे रजिस्ट्रेशन
पेट्रोल सब्सिडी योजना का लाभ लेने के लिए शुरुआत में ही रजिस्ट्रेशन कराने से लाभुक घबरा रहे थे. दरअसल तब अफवाह फैल गई थी कि जिनके पास दो पहिया वाहन है, उनके आवेदन करते ही उनका राशन कार्ड रद्द कर दिया जाएगा. उन पर कानूनी कार्रवाई होगी. इसके बाद जिला प्रशासन ने योजना का लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए पीडीएस डीलर से लेकर ग्राम सभा और मैकिंग के जरिए भी लोगों को जागरूक कर कहा कि इस योजना का लाभ लेने वालों का राशन कार्ड रद्द नहीं होगा. और न ही उनके खिलाफ किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसके बाद लोगों को भरोसा हुआ और उन्होंने अपना रजिस्ट्रेशन कराया. मतलब पहले अफवाह ने लोगों को योजना का लाभ लेने से रोका, दूसरी ओर री-रजिस्ट्रेशन भी लाभ लेने में बाधा बन रही है.
योजना का लाभ लेने के लिए यह है जरूरी
- राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम या राज्य खाद्य सुरक्षा अधिनियम का राशन कार्ड धारी होना जरूरी है.
- आधार से लिंक बैंक खाता संख्या और मोबाइल नंबर अपडेट होना चाहिए.
- कार्ड में सदस्य ही आवेदक होंगे. साथ ही वाहन का निबंधन आवेदक के नाम से होना जरूरी है
- आवेदक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना जरूरी
- दो पहिया वाहन का झारखंड में रजिस्ट्रेशन होना चाहिए
इसे भी पढ़ें : रांची : तीन साल जेल में रहने के बाद पिता-पुत्र बरी




