
New Delhi : देश में कोरोना वैक्सीनेशन का तीसरा फेज शुरू होने से पहले एक अच्छी खबर आयी है. कोविशील्ड बना रही सीरम इंस्टीट्यूट राज्य सरकारों को वैक्सीन का एक डोज 100 रुपए कम कीमत में देगी.
सीरम के सीईओ अदार पूनावाला ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि राज्यों को कोविशील्ड का एक डोज अब 400 रुपए के बदले 300 में दिया जाएगा.
बता दें कि केंद्र और राज्य सरकारों के लिए कोविड-19 रोधी टीकों की अलग-अलग कीमतों को चुनौती देते हुए बंबई उच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका दायर की गयी थी.
याचिका में सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसएसआई) और भारत बायोटेक को टीका 150 रुपये प्रति खुराक की एक समान दर से बेचने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया था.
इसे भी पढ़ें:होम्योपैथिक चिकित्सा द्वारा कोविड-19 का प्रबंधन
वकील फैजान खान और कानून के तीन छात्रों द्वारा 24 अप्रैल को दायर जनहित याचिका में कहा गया कि टीके को एक आवश्यक वस्तु माना गया है और इसलिए इसका प्रबंधन तथा वितरण निजी कंपनियों के हाथों में नहीं छोड़ा जा सकता.
इसमें कहा गया है, ‘‘ये दिग्गज दवा कंपनियां कोविड-19 के कारण बढ़ी मृत्यु दर के डर को भुना रही हैं.’’
जनहित याचिका में केंद्र सरकार द्वारा राज्य सरकारों को टीकों के लिए खुले बाजार में प्रतिस्पर्धा करने के लिए कहने के औचित्य पर भी सवाल उठाया गया था.
इसमें कहा गया है, ‘‘केंद्र सरकार के साथ ही राज्य सरकार का किसी भी नागरिक के स्वास्थ्य की रक्षा करने का संवैधानिक दायित्व है और इसमें कोई भेदभाव नहीं किया जा सकता. राज्य सरकारों को केंद्र और निजी अस्पतालों से टीका खरीदने के लिए खुले बाजार में प्रतिस्पर्धा के लिए कहना सही नहीं है.’’
याचिका में उच्च न्यायालय से कोविशील्ड के लिए एसआईआई और कोवैक्सीन के लिए भारत बायोटेक द्वारा घोषित कीमतों को रद्द करने का अनुरोध किया गया. साथ ही इसमें सभी नागरिकों के लिए टीके की कीमत 150 रुपये तय करने का निर्देश देने का आग्रह भी किया गया है.
इसे भी पढ़ें:हाइकोर्ट ने योगी सरकार को लगायी फटकार, कहा- 14 दिन का लगायें पूर्ण लॉकडाउन




