
Ranchi: राजधानी सहित राज्य के विभिन्न निजी अस्पतालों में शुक्रवार से कोरोना टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गयी. इसे लेकर सिविल सर्जन डॉक्टर वीबी प्रसाद ने बताया कि राजधानी रांची में शुक्रवार से 4 निजी अस्पतालों में कोरोना टीकाकरण कार्यक्रम की शुरुआत की गयी है.
जिसमें रांची के जगन्नाथ अस्पताल, मेडिका अस्पताल, आर्किड अस्पताल और राज अस्पताल शामिल हैं. बता दें कि राज्य के 22 केंद्र में वैक्सीनेशन हो रहा है. सभी 14 ब्लॉक, सदर अस्पताल और रिम्स के दो केंद्रों के साथ चार प्राइवेट अस्पताल में लोगों को चिन्हित कर टीका दिया जा रहा है.
टीकाकरण अभियान को लेकर सभी निजी अस्पतालों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिये गये हैं. निजी अस्पतालों के स्वास्थ्य कर्मचारियों को भी टीका लगाने के लिए पूरी ट्रेनिंग दे दी गयी है, ताकि किसी तरह की कोई परेशानी न हो.
सिविल सर्जन ने बताया कि वैक्सीनेशन का कार्यक्रम बेहतर तरीके से संचालित हो रहा है और लोगों को ज्यादा से ज्यादा टीका लेने के प्रति प्रेरित करने के लिए स्वास्थ्यकर्मी भी टीकाकरण केंद्र पर पहुंच रहे हैं.
इसे भी पढ़ें : ममता दीदी को एक झटका और, राजीव बनर्जी ने विधायक पद से दिया इस्तीफा
कोरोना वैक्सीनेशन की रफ्तार को तेज करने के लिए की गयी पहल
शुरुआती चरण में फ्रंटलाइन वर्कर को कोरोना का वैक्सीन दी जा रही है, लेकिन सप्ताह में 4 दिन वैक्सीन दिये जाने के कारण इसकी रफ्तार अभी धीमी है. राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान “रिम्स” के डेंटल विभाग में वैक्सीनेशन कार्यक्रम चलाया जा रहा है.
कोविन एप में पंजीकृत लोगों को वैक्सीन देने का नियम बनाया गया है. हर रोज सौ लोगों को वैक्सीन देने का लक्ष्य रखा गया है. वैक्सीनेशन की रफ्तार को तेज करने के लिए ही प्राइवेट अस्पतालों में वैक्सीनेशन की शुरुआत की गयी है.
रिम्स में हो रहे कोरोना वैक्सीनेशन कार्यक्रम के नोडल पदाधिकारी डॉ मिथिलेश ने कहा कि वर्तमान में सप्ताह में 4 दिन सोमवार, मंगलवार, बुधवार और शुक्रवार को कोरोना का वैक्सीन दी जा रही है. ऐसे में वक्त ज्यादा लग रहा है और दूसरा डोज का समय भी आ जायेगा.
उन्होंने कहा है कि राज्य स्तर से अभी सप्ताह में 4 दिन वैक्सीन देने का निर्देश आया है. लेकिन इसे बढ़ाने की जरूरत है, ताकि अधिक से अधिक संख्या में लोगों को वैक्सीन मिल जाये और दूसरे डोज का समय आने से पहले काम पूरा हो सके.
इसे भी पढ़ें : मेडिकल स्टोर से दवा, महंगे समान व नगदी की चोरी




