
Chakradharpur : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से हैरान करनेवाली खबर आयी है. दरअसल, कोरोनारोधी टीका का पहला एवं दूसरा डोज ले चुकी चक्रधरपुर की आरती प्रधान के मोबाइल पर 2 जुलाई यानी शनिवार को प्रिकॉशन डोज कोरोना वैक्सीन टीका लगवाने का मैसेज मोबाइल पर प्राप्त हुआ. तांतनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से वैक्सीनेशन हो जाने का गलत मैसेज पहुंचने से उनके परिजन पशोपेश में पड़ गए. उनके बेटे सुब्रत सेन प्रधान को आशंका हुई कि बिना वैक्सीनेशन किए स्वास्थ्य विभाग सरकार को गलत आंकड़ा देकर वाहवाही लूट रहा है. उन्होंने मांग कर डाली कि स्वास्थ्य विभाग इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेकर संलिप्त स्वास्थ्य कर्मियों पर उचित कार्रवाई करना सुनिश्चित करें.
कंप्यूटर में मोबाइल नंबर डालने के दौरान हो सकती गड़बड़ी: चिकित्सा प्रभारी
उधर, चक्रधरपुर अनुमंडल चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर मोइन अख्तर अंसारी ने इस बाबत पूछे जाने पर बताया कि कंप्यूटर में मोबाइल नंबर डालने के दौरान एक नंबर इधर-उधर होने के कारण मैसेज आया होगा. यह संभव नहीं है कि अगर कोई व्यक्ति कोरोना वैक्सीन नहीं लिया होगा तो उसको मैसेज नहीं आएगा.




