
- जिला प्रशासन और एएआई के बीच हुआ एमओयू
Ranchi : रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के आस-पास के 12 गांवों का विकास किया जायेगा. इसके लिए बुधवार को एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) और जिला प्रशासन के बीच एक एमओयू हुआ. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक के नेतृत्व में एएआई का एक प्रतिनिधिमंडल जिला कार्यालय पहुंचा, जहां उपायुक्त राय महिमापत रे के नेतृत्व में इस एमओयू पर हस्ताक्षर किये गये. उपायुक्त ने बताया कि इस परियोजना के तहत जिन 12 गांवों का चयन किया गया है, उनमें हुंडरू, छोटा घाघरा, हेथु, चंदागासी, चुरु लोधमा, करमटोली, कचेचोली, लटमा, नारिगुट्टू, खिजरी, पोखरटोली और टोंबागट्टू शामिल हैं. इन गांवों को विकसित किये जाने का कार्य जिला प्रशासन और एएआई की टीम मिलकर करेगी. डीसी ने बताया कि गांव में रहनेवाले लोगों का जीवन स्तर सुधारने तथा सभी सुविधाओं को मुहैया कराने के उद्देश्य से ही गांवों को विकसित करने का निर्णय लिया गया है.
छह करोड़ में किया जायेगा 12 गावों का विकास
उपायुक्त राय महिमापत रे ने बताया कि चयनित गांवों को छह करोड़ 18 लाख 74 हजार रुपये की लगात से विकसित किया जायेगा. काम को तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इन गावों को स्वास्थ्य, शिक्षा की दृष्टि से भी बेहतर बनाया जायेगा. स्वास्थ्य की दृष्टि से संबंधित कार्यकर्ताओं की क्षमता को मतबूत करने के साथ ही उनके बुनियादी ढांचे को संशोधित करने के लिए मेडिकल क्लिनिक्स में उपलब्ध सेवाओं को बढ़ाया जायेगा. आवश्यक सेवाओं के साथ ही मोबाइल मेडिकल यूनिट संचालित की जायेगी. राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन को प्राप्त करने के उद्देश्य से ये सभी कार्य किये जायेंगे. इसके अलावा निम्न साक्षरता दर के साथ-साथ उच्च ड्रॉपआउट दर को ध्यान में रखते हुए शिक्षा के क्षेत्र में हस्तक्षेप की आवश्यकता थी. इसे देखते हुए इस परियोजना को तैयार किया गया है. इसका उद्देश्य विद्यालयों के बुनियादी ढांचे में सुधार एवं शिक्षकों की क्षमता में सुधार करके मौजूदा अंतर को दूर करना है. उपायुक्त ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत परिकल्पित परिणामों को इस परियोजना के तहत शामिल किया जायेगा. युवओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए इस परियोजना के तहत व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाये जायेंगे. वहीं, गांवों में ग्रामीण आपदा प्रबंधन योजना विकसित कर आपदाओं से मुकाबला करने की भी क्षमता बढ़ायी जायेगी.
इसे भी पढ़ें- गोमियाः अब लेवी नहीं बल्कि प्रशासनिक एनओसी की वजह से लटक रही हैं योजनाएं
इसे भी पढ़ें- आंकड़ों से समझें कैसे खोखला है 2020 तक सभी बेघरों को आवास देने का सीएम रघुवर दास का दावा ?




