
Ranchi: मोहराबादी मैदान में 28 दिसम्बर से राज्य के बहुप्रतीक्षित राष्ट्रीय खादी एवं सरस महोत्सव 2022-23 का शुभारंभ होगा. आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में है. मैदान में युद्ध स्तर पर हैंगर तैयार किए जा रहे है. झारखण्ड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के सीईओ राखाल चंद्र बेसरा ने बताया कि स्टाल्स की बुकिंग जारी है. देश के अलग अलग राज्यों से लोग सम्पर्क कर रहे है. सीईओ बेसरा ने बताया कि जहाँ राज्य के अलग-अलग प्रांतों से आए कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे. वहीं, झारखंड के कलाकार भी अपनी नृत्य और गायन से राष्ट्रीय खादी एवं सरस महोत्सव की शोभा बढ़ाएंगे.
इसे भी पढ़ें: हजारीबाग से दिल्ली ले जाई जा रही अफीम के साथ तीन आऱोपी गिरफ्तार
उन्होंने बताया कि यह महोत्सव देश भर के बुनकर, कारीगर, हस्तशिल्पकार, खादी और सरस से जुड़ी दीदियों को फिर से अर्थिक रूप से सबल बनाने में सहयोग देगा. मेले में देश के अलग-अलग राज्यों के खादी और सरस के विभिन्न उत्पादों और कलाकृतियां को देखने और खरीदने का मौका भी मिलेगा. श्री बेसरा ने बताया कि महोत्सव में सुबह 10 बजे से लोग प्रवेश कर पाएंगे. प्रत्येक दिन यहां विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों द्वारा आम जनों के लिए लगातार रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत होते रहेंगे. साथ ही उन्होंने बताया इस बार जितने भी हैंगर बनाए जा रहे हैं वो झारखंड के पर्वों और नृत्यों पर आधारित होंगे जिससे अलग-अलग राज्यों से आए लोगों को झारखंड को और नज़दीक से जानने का मौक़ा मिलेगा और लोग यहाँ की संस्कृति से जुड़ पाएंगे.




