
Ranchi: राज्य में बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए सोमवार सदर हॉस्पिटल में मॉक ड्रिल किया गया. चूंकि राज्य में कोरोना एक बार फिर से पांव पसार रहा है. नए मरीजों के मिलने से स्वास्थ्य विभाग रेस हो गया है. झारखंड में कोरोना मरीजों की संख्या धीरे-धीरे 63 पर पहुंच गई है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता की निगरानी में सदर हॉस्पिटल में मॉक ड्रिल हुआ. जिसमें मरीज को लाने से लेकर इमरजेंसी में प्रॉपर ट्रीटमेंट का लाइव डेमो किया गया. सभी तैयारियो का भी जायजा स्वास्थ्य मंत्री ने लिया.
1456 वेंटीलेटर तैयार
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्री से निर्देश मिला था कि अपने राज्य में तैयारियों का जायजा ले. इसी के मद्देनजर मॉक ड्रिल किया गया है. कोरोना को लेकर हमारे अनुभव गहरे हैं. आइसीएमआर और भारत सरकार की गाइडलाइन का पालन किया जाएगा. हमारे यहां 3680 बेड सुरक्षित हैं. इसके अलावा 1647 आइसीयू बेड भी हॉस्पिटलों में रिजर्व रखे गए हैं. 1456 वेंटीलेटर को भी तैयार रखा गया है. जिससे कि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सकेगा. उन्होंने कहा कि सभी आरटीपीसीआर, ट्रूनैट मशीन, कोबास मशीन को चेक किया गया. इसके अलावा सभी पीएसए प्लांट और आक्सीजन प्लांट को भी दुरुस्त रखने को कहा गया है. वहीं अपील की है कि राज्य के लोगों को इससे डरने की जरूरत नहीं है. कोविड प्रोटोकॉल का ध्यान रखे और लोगों को भी सुरक्षित रखने में सहयोग करें.




