
Ranchi: अवैध शराब फैक्ट्री चलाने के आरोप में कोल्हान डीआईजी अजय लिंडा ने चांडिल थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव को सस्पेंड कर दिया है. चांडिल थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव पर आरोप लग रहे थे कि इनकी मिलीभगत से चांडिल इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध शराब फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा है. इनके ऊपर यह भी आरोप लग चुका है कि पोस्ता कारोबार से पैसे लेकर मैनेज करने तथा पोस्ता कारोबारी से हर महीने एक फिक्स रकम की मांग की गई थी. हालांकि इस मामले को लेकर काफी लंबे समय से जांच चल रही थी, जिसको लेकर आज कोल्हान डीआईजी ने अवैध शराब फैक्ट्री संचालन करने के आरोप में फिलहाल सस्पेंड कर दिया है. अजीत कुमार यादव 2018 बैच के दरोगा हैं और उन पर कई तरह के बार-बार आरोप लगते रहे हैं.
इस मामले को लेकर कोल्हान डीआईजी अजय लिंडा ने कहा कि लंबे समय से चांडिल थाना प्रभारी के खिलाफ सूचना मिल रही थी जिसकी जांच चल रही थी. जांच पूरी होने के बाद उनकी संलिप्तता पाई गई, जिसके बाद यह कार्यवाई की गई है. पुलिस अब यह जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध शराब फैक्ट्री संचालन करने में और किन की मिलीभगत है. इस पूरे मामले की जांच चल रही है और जो भी इस मामले में दोषी होंगे उन पर कार्यवाई होगी.




