
Deoghar : शहर का मोस्ट वांटेड बाबा परिहस्त उर्फ जितेंद्र परिहस्त और सौरभ राज उर्फ सौरभ केसरी को नगर थाना पुलिस ने सोमवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने दोनों को मंगलवार को कोर्ट के निर्देश पर जेल भेज दिया. मानसरोवर लेन निवासी बाबा परिहस्त की गिरफ्तारी शहर के नरसिंह टॉकीज के समीप स्थिति उसके अड्डे से हुई. जबकि, सौरभ केसरी की गिरफ्तारी महावीर आखाड़ा जलसार रोड स्थित उसके घर से की गयी. दोनों हत्या, रंगदारी, मारपीट जैसे कई कांडों के आरोपी हैं.
एसपी आश्विनी कुमार सिन्हा ने बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नगर थाना प्रभारी डीएन आजाद के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया था.
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को अपने करीब 15 सहयोगियों के नाम भी बताये हैं, जिनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई करने में जुट गयी है. गिरफ्तार किये गये आरोपी कुंडा, नगर व रिखिया थाना क्षेत्र में हुए कांडों के नामजद आरोपी हैं. बाबा परिहस्त ने तीनों थाना में दर्ज 14 मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
इसे भी पढ़ें : जानिए, हेमंत सरकार की पहली वर्षगांठ पर लांच हुई 10 बड़ी योजनाओं को
युवाओं को बहकाकर अपने गिरोह में शामिल करता था बाबा
पुलिस के मुताबिक, बाबा परिहस्त को 13 सितंबर 2020 को हुए एक कांड को लेकर गिरफ्तार किया गया है. वह शहर के युवा वर्ग को गलत दिशा में भटकाकर अपने गिरोह में शामिल करता है. पूर्व में हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी एवं आर्म्स एक्ट जैसे मामलों में वह शामिल रहा है.
मटका खेलाने और धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार हुआ है सौरभ
वहीं, सौरभ राज उर्फ सौरभ केसरी की गिरफ्तारी नगर थाना क्षेत्र में 20 दिसंबर को दर्ज मटका खेलाने व धोखाधड़ी के मामले में की गयी है.
इस मामले में पूर्व में पप्पू पोद्दार (ठाढ़ीदुलमपुर कुंडा), देवेंद्र पंडित (टीवी सेंटर, हिरणा नगर), अघुन मांझी (सिंचाई कॉलोनी नगर), मिट्ठू रजक (जूनपोखर नगर), मुकेश कुमार घोष (जलसार रोड नगर), शंभू राम (राम रतन बक्शी रोड नगर), टिंकू साह (जलसार रोड नगर) व नगर थाना क्षेत्र के जलसार रोड निवासी अमर साह को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.
इसे भी पढ़ें : क्या आप जानते हैं किसने बॉलीवुड के पहले सुपर स्टार राजेश खन्ना को गोद लेकर की थी परवरिश
बाबा परिहस्त पर दर्ज मामले
नगर थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये मोस्ट वांटेड बाबा परिहस्त पर नगर थाना क्षेत्र में 2017 में आशीष मिश्रा के चाचा निमाय मिश्रा की हत्या, बाबाधाम पेड़ा दुकान के पास 2014 में चंदन मठपति की हत्या, 2017 झौसागढ़ी में अनुज केशरी के साथ मारपीट कर रंगदारी वसूली आदि के मामले दर्ज हैं.
छापामारी टीम को एसपी ने किया पुरस्कृत
एसपी आश्विनी कुमार सिन्हा ने कहा कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी में शामिल पुलिस अधिकारी व जवानों को पुरस्कृत किया गया है. इनमें नगर थाना प्रभारी डीएन आजाद को पांच हजार रुपये आर्थिक पुरस्कार देने की अनुसंशा डीआईजी से की गयी है. इसके अलावा एसआई प्रवीण कुमार, एएसआई रामानुज सिंह को पांच-पांच हजार रुपये का आर्थिक पुरस्कार दिया गया है.
साथ ही टीम में शामिल जवान मंटू पासवान, मो फिरोज अंसारी व पीसीआर पुलिस टीम 1 व 2 के जवानों को एक-एक हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया है.
इसे भी पढ़ें : एक साथ चुनाव का सुझाव : कुल मिलाकर यह किसकी जरूरत है?




