JharkhandLead NewsRanchi

झारखंड से लखीमपुर खीरी कूच कर रहे कांग्रेसी

प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर कर रहे हैं नेतृत्व, मंत्री बन्ना और बादल भी शामिल

Ranchi : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर के नेतृत्व में झारखंड के कांग्रेसी कार्यकर्ता लखीमपुर खीरी कूच कर रहे हैं. इसमें झारखंड सरकार के मंत्री बन्ना गुप्ता, बादल पत्रलेख के अलावा सभी कार्यकारी अध्यक्ष, प्रवक्ता तथा अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हैं. कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने बताया कि कांग्रेस भवन से गाड़ियों का काफिला निकला है.

रांची से जैसे-जैसे आगे बढ़ेंगे, गाड़ियों का काफिला बढ़ता जायेगा. कहा कि लोग गढ़वा पलामू होते हुए जायेंगे. हर जिले से कांग्रेसी नेता काफिले में शामिल होते जायेंगे. कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में वहां पहुंच कर प्रदर्शन करेंगे.

मालूम हो कि झारखंड से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का काफिला तो जा रहा है लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार से अभी तक अनुमति नहीं मिली है.

ज्ञात हो कि यूपी में किसानों की मौत के विरोध में कांग्रेस लगातार आंदोलन कर रही है. इसके पूर्व हर जिले में प्रदर्शन किया गया था.

इसे भी पढ़ें:RIMS एक ही छत के नीचे सीटी स्कैन, एक्स रे, सेंट्रल लैब, पैथोलॉजी जांच जैसी सभी सुविधाएं मिलेंगी 

किसानों के मुद्दे पर पहले से ही आंदोलित हैं कांग्रेसी

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में किसानों की मौत के मामले पर प्रदर्शन किया गया था.

मारे गये किसानों और नागरिकों के परिजनों से मिलने जा रही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा व अन्य नेताओं को हिरासत में लेने के विरोध में प्रधानमंत्री तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया.

ठाकुर ने कहा कि जिस तरह से किसानों की हत्या करने वालों पर अभी तक कार्रवाई नहीं की गई, उससे सरकार की मंशा स्पष्ट हो जाती है.

इसे भी पढ़ें:हजारीबाग व गिरिडीह नगर निगम का नया भवन दो साल में होगा पूरा

भाजपा को लोकतंत्र पर विश्वास नहीं : राजेश ठाकुर

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का लोकतंत्र से विश्वास उठ गया है. भाजपा इतनी डरी हुई और सशंकित है कि राजनीतिक व्यक्तियों के आने-जाने पर पाबंदियां लगायी जा रही हैं.

यह शर्मनाक और जनतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला है. चुने हुए नेताओं और मुख्यमंत्रियों को उत्तर प्रदेश में प्रवेश पर रोक लगायी जा रही है जो लोकतांत्रिक मूल्यों और स्थापित परंपराओं पर हमला है. पार्टी ने मांग की है कि प्रियंका गांधी के डिटेंशन को खत्म कर के उन्हें लखीमपुर जाने दिया जाये.

प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि किसान विरोधी भाजपा का चेहरा बेनकाब हो चुका है. किसान अपने ऊपर हो रहे अत्याचारों के विरोध में आवाज उठायेंगे तो उन पर लाठी गोलियों का प्रहार होगा या फिर गाड़ी चढ़ाकर रौंद दिया जायेगा. ऐसी घटनाओं से किसान सत्याग्रह और मजबूत होगा.

रांची में महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय पांडेय ने अविलंब फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन कर दोषियों को सजा देने की मांग की है.

इसे भी पढ़ें:थोक शराब बिक्री मामले की सुनवाई आज भी नही हो पाई पूरी, अगली सुनवाई 3 नवम्बर को

Related Articles

Back to top button