JharkhandPalamu

पलामू : सत्तापक्ष ने गिनायीं उपलब्धियां, विपक्ष ने मनाया विश्वासघात दिवस

Palamu : झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल का आज एक साल पूरा हो गया. इस अवसर पर जहां सत्तापक्ष और प्रशासन ने सरकार की उपलब्धियां गिनायीं, वहीं विपक्ष इस दिन को विश्वासघात दिवस के रूप में मनाया.

आजसू पार्टी द्वारा मंगलवार को हेमंत सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद चुनावी घोषणाएं पूर्ण नहीं होने पर इस दिन को विश्वासघात दिवस के रूप में मनाया और शहर के छहमुहान पर धरना दिया.

इसे भी पढ़ें : जानिए, हेमंत सरकार की पहली वर्षगांठ पर लांच हुई 10 बड़ी योजनाओं को

सरकारी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए सांसद, विधायक और मेयर-डिप्टी मेयर

वहीं, सरकार की ओर से राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर के नेतृत्व में सरकार की उपलब्धियों को कार्यक्रम आयोजित कर गिनाया गया.

कई नयी योजनाओं का मंत्री द्वारा शिलान्यास और उद्घाटन किया गया. हालांकि, इस सरकारी कार्यक्रम में पलामू के सांसद और भाजपा के विधायक व मेदिनीनगर के मेयर-डिप्टी मेयर नजर नहीं आये.

आजसू नेताओं ने धरना देकर सरकार को घेरा

आजसू पार्टी द्वारा पलामू सहित पूरे राज्य में मंगलवार को हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर विश्वासघात दिवस मनाया गया. इस सिलसिले में जिला मुख्यालय में छहमुहान पर धरना दिया गया और सरकार की विफलताओं को बताया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पूर्व विधायक सह पार्टी के जिला प्रभारी कुशवाहा शिवपूजन मेहता उपस्थित थे.

मौके पर मुख्य अतिथि ने कहा कि राज्य सरकार एक साल से झारखंड की जनता को छल रही है. कोरोना महामारी में जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया गया. आजसू पार्टी जनता की आवाज बनकर उलगुलान करेगी. अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष विकेश शुक्ला ने कहा कि आंदोलनकारी साथियों को इस सरकार ने न तो उचित मुआवजा दिया और न ही सरकारी आवास.

केंद्रीय सचिव बब्लू गुप्ता ने कहा कि अधिकारियों को मोटी रकम नहीं मिलने के कारण लगभग पांच माह से ट्रांसपोर्ट सचिव का पद खाली है, जिससे हजारों वाहन बिना परमिट के चलने को विवश हैं.

इम्तियाज अहमद नजमी ने कहा कि झारखंड सरकार के सत्ता संभाले भले ही एक वर्ष बीत गया, लेकिन यह सरकार एक कदम भी नहीं चल पायी है. केंद्रीय पर्यवेक्षक दिलीप चौधरी, जिला प्रवक्ता वसीम अहमद खां ने भी धरना को संबोधित किया और झारखंड सरकार को ट्रांसफर-पोस्टिंग की सरकार बताया. कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव संतन मेहता ने किया.

कार्यक्रम में अन्य लोगों के अलावा पार्टी नेता विजय कुमार मेहता, शक्ति सिंह, तुलसी शुक्ला, दीपू चौरसिया, बसंत विश्वकर्मा, कमलेश मेहता, नरेंद्र पांडे, मनोज शर्मा आदि शामिल थे.

इसे भी पढ़ें : जैक ने एक साथ मैट्रिक-इंटर कंपार्टमेंटल, मदरसा, मध्यमा और वोकेशनल परीक्षा का रिजल्ट जारी किया

पांच लाख युवाओं को अब तक नहीं मिला रोजगार : भाजपा

हेमंत सरकार की पहली वर्षगांठ पर भाजपा ने हेमंत सरकार पर हमलावर नजर आयी. जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष नरेंद्र पांडे ने कहा कि इस सरकार से लोगों को केवल निराशा मिली. झूठे वादे और अनैतिक हथकंडा, तिकड़म के सहारे सरकार बन सकती है, परंतु चल नहीं सकती.

चुनावी घोषणापत्र के अनुसार पांच लाख युवाओं को अब तक रोजगार नहीं मिला. बालूघाट की नीलामी बंद है, लेकिन बालू डिपो का लाइसेंस धड़ल्ले से दिया जा रहा है. महिलाओं की सुरक्षा तार-तार हो गयी है. दुष्कर्म की घटनाएं हर दिन सामने आ रही हैं.

नागरिकों को सुरक्षा देने में भी यह सरकार विफल है. भ्रष्टाचार चरम पर है. कोरोना काल में पूरी व्यवस्था बदहाल रही. धर्मांतरण को प्रोत्साहन मिलता रहा.

भाजपा के प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख मनोज सिंह ने कहा कि हेमंत सरकार को आत्मचिंतन करना चाहिए. इस सरकार के एक साल की उपलब्धि नकारात्मक रही है. किसान आशीर्वाद योजना, महिलाओं को एक रुपये में जमीन रजिस्ट्री शुल्क जैसी कल्याणकारी योजनाओं को बंद कर दिया गया है.

छतरपुर की विधायक पुष्पा देवी ने कहा कि कहीं-कहीं धान क्रय केंद्र देर-सवेर खुला भी, तो सरकार एवं जिला प्रशासन के नकारात्मक रवैया से बिचौलियों का दबदबा बना हुआ है, जिससे किसान हैरान और परेशान हैं. मौके पर उपमहापौर मंगल सिंह, जिला महामंत्री विजयानंद पाठक, जिला मीडिया प्रभारी शिवकुमार मिश्रा, सोमेश सिंह आदि मौजूद थे.

इसे भी पढ़ें : जामताड़ा में बोले स्पीकर : शिक्षा में पिछड़ा है झारखंड, अभी कोई उद्योग खुल जाये, तो बाहर से लाने पड़ेंगे लोग

Related Articles

Back to top button