
Ranchi. झारखंड विधानसभा में आज DVC (दामोदर घाटी निगम) पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कड़ा बयान दिया. उन्होंने कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी, उमाशंकर अकेला और निर्दलीय विधायक अमित यादव के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जवाब में कहा कि DVC की मनमानी से झारखंड त्रस्त है. हमारे ही संसाधनों पर चल रहा DVC हमकर हेकड़ी दिखाता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार DVC पर नकेल कसने को तैयार है. विपक्ष को भी इस मुद्दे पर हमारा सहयोग करना होगा. सदन सहमत तो तो हमलोग निश्चित रूप से DVC के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर सकते हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि DVC केंद्र सरकार का उपक्रम है, लकिन यह हमारे संसाधनों के भरोसे चलता है. यह निगम मोनोपोली की नीति के तहत काम कर रहा है. अभी कुछ दिनों पहले केंद्र ने हमारे राज्य के खाते से करोड़ों की रकम काट ली है. DVC आम जनता और गरीबों को बिजली नहीं देता, बल्कि सिर्फ पूंजीपतियों के हित साधता है, क्योंकि इसे वहां से ज्यादा पैसा मिलता है. DVC सोशल एक्टिविटी में भी भाग नहीं लेता. मुख्यमंत्री ने कहा कि सदन में सर्वसम्मति से निर्णय हो तो DVC पर नकेल कसना होगा.
बता दें कि कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी, उमाशंकर अकेला और निर्दलीय विधायक अमित यादव ने ध्यानाकर्षण के दौरान DVC की मनमानी का मसला उठाया था. इन विधायकों का कहना था किDVC न तो अपनी सोशल रिस्पांस्बिलिटी निभाता है, न झारखंड में अपने कमांड एरिया में कायदे से बिजली की आपूर्ति करता है.




