JharkhandRanchi

सिर्फ ईसाइयों के लिए नहीं पूरी दुनिया के लिए है क्रिसमस : आर्चबिशप

आज बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में जाकर कैदियों से मिलेंगे आर्चबिशप क्रिसमस का संदेश सुनाएंगे

Ranchi : आर्चबिशप फेलिक्स टोप्पो ओर सहायक बिशप थियोडोर मास्करेहंस ने मंगलवार को क्रिसमस की तैयारियों के बारे में जानकारी दी. उन्होंने कहा कि क्रिसमस सिर्फ ईसाइयों के लिए नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए है.

उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में कई लोगों ने यीशु के संदेश को अपनाया है. यह साल अलग है कोविड और लॉकडाउन की वजह से दुनिया बदल गई है.

उन्होंने कहा कि आदिवासियों, दलितों और वंचितों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है. और इस साल हम लोग नए तरीके से क्रिसमस मनाने चाहते हैं.

लॉकडाउन में कई शेल्टर होम चलाए, 15000 प्रवासियों को खाना उपलब्ध कराया

सहायक बिशप थियोडोर मास्करेहंस ने कहा कि लॉकडाउन हुआ तो हमलोगों ने सरकार के साथ मिलकर लोगों की सेवा की. कई शेल्टर होम चलाएं जहां 20,000 से अधिक परिवारों को तीन हफ्तों तक रखा और उन्हें राशन दिया गया.

इसके अलावा रास्ते में से गुजरने वाले 15000 प्रवासियों को हम लोगों ने खाना उपलब्ध कराया. कई जगह पर कम्युनिटी किचन का संचालन किया और जितना भी हो सका लोगों की सेवा की.

इसे भी पढ़ें : राजद में हो सकता है बड़ा फेरबदल, तेजस्वी संभालेंगे राजद की विरासत!

संत मरिया महागिरजाघर में 24 दिसंबर की रात 10:30 बजे से होगी ऑनलाइन आराधना

क्रिसमस के संबंध में उन्होंने कहा की संत पापा (पोप) ने सलाह दी है कि हम गरीबों के बारे में सोचें. क्रिसमस उनको ध्यान में रखकर मनाएं. संत मरिया महागिरजाघर में 24 दिसंबर की रात 10:30 बजे से ऑनलाइन आराधना होगी.

इसमें मुख्य अनुष्ठक आर्चबिशप फेलिक्स टोप्पो होंगे. सहायक बिशप थियोडोर मास्करेहंस 25 दिसंबर को सुबह 9:30 बजे की आराधना के दौरान संदेश देंगे.

आर्चबिशप फेलिक्स टोप्पो ने कहा कि हम विश्वास करते हैं की ईश्वर ने मनुष्य की सृष्टि की है और वह मनुष्य के साथ प्रेम का संबंध चाहता है. लेकिन मनुष्य ने ईश्वर की इच्छा के विरुद्ध काम किया. इसलिए उसे बुरी सजा बड़ी सजा मिली. लेकिन ईश्वर, जो करुणामय है, उसने अपने पुत्र यीशु को संसार में भेजा. जिसने हमारे पापों को अपने ऊपर लिया.

इसे भी पढ़ें : हेमंत सरकार में एक ईसाई मंत्री भी होना चाहिए : आर्चबिशप

आर्चबिशप आज कैदियों से मिलेंगे

आर्चबिशप आज बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार होटवार में जाकर कैदियों से मिलेंगे और उन्हें क्रिसमस का संदेश देंगे. उन्होंने कहा कि इसके अलावा 25 दिसंबर को हम सभी रिक्शा चालकों को भोजन कराएंगे.

क्रिसमस सादगी से मनाने का निर्देश

इस बार आर्चबिशप हाउस में केक और फूल लाने से मना किया गया है. इसकी जगह पर इन पैसों से गरीबों के लिए उपहार खरीदने और उनकी जरूरतों पर पैसे खर्च करने की अपील की गई है. इसके अलावा जगह-जगह कंबल का वितरण किया गया है.

आरचबिशप हाउस में क्रिसमस के अवसर पर जो चरनी बनाई जा रही है, उसमें पुरानी चीजों इस्तेमाल हो रहा है. इस बार पटाखे नही चलाने की अपील की गई है.

इसे भी पढ़ें : खेलगांव हत्याकांडः आरोपी रिटायर्ड फौजी गिरफ्तार, लाइसेंसी पिस्टल और राइफल जब्त

Related Articles

Back to top button