
Patna : बिहार चुनाव से पहले ही राजद को झटका लगा है. राजद नेता तेजस्वी यादव, तेजप्रताप के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. इन दोनों के अलावा पप्पू यादव के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है. इन सभी पर प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रदर्शन करने को लेकर मामला दर्ज किया गया है.
गौरतलब है कि 25 सितंबर को कृषि बिल के विरोध में विपक्षी दलों ने भारत बंद का ऐलान किया था. पटना में भी इस बंद के खिलाफ विपक्षी दल बंद का समर्थन करने सड़कों पर उतरे थे. इस दौरान बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और उनके बड़े भाई तेजप्रताप यादव राजद के कार्यकर्ताओं के साथ 10 सर्कुलर रोड से ट्रैक्टर चलाकर राजद कार्यालय पहुंचे. तेजस्वी और तेज प्रताप यादव 10 सर्कुलर से बेली रोड होते राजद कार्यालय पहुंचे जो प्रतिबंधित क्षेत्र है.
इसे भी पढ़ें :बिहार चुनाव : भाजपा के समक्ष सत्ता हासिल करने की चुनौती
प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रदर्शन करने को लेकर मामला दर्ज
इसके अलावा जन अधिकार पार्टी के सुप्रीमो पप्पू यादव की ओर से भी विरोध प्रदर्शन किया गया था. पप्पू यादव भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ ट्रैक्टर चलाते हुए डाकबंगला चौराहा तक पहुंचे. बता दें कि इनकम टैक्स से लेकर डाकबंगला चौराहा प्रदर्शकारियों के लिए प्रतिबंधित क्षेत्र है. इन सभी पर प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रदर्शन करने को लेकर पटना के कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इन तीनों के साथ ही लगभग 100 कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी इस मामले में मामला दर्ज किया गया है.
प्रदर्शनकारिय़ों पर आइपीसी की धारा 188 और 353 के तहत मामला दर्ज हुआ है. इसमें प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रदर्शन करना और कोरोना काल में बिना किसी अनुमति के 100 से ज्यादा लोगों के साथ सड़क पर उतरना शामिल है.
गौरतलब है कि बिहार में चुनाव की घोषणा हो चुकी है. ऐसे में इन राजद सहित जन अधिकार पार्टी पर दर्ज ये मुकदमे उनके लिए परेशानी का सबब बनेंगे.
इसे भी पढ़ें :1261 नये कोरोना संक्रमित मिले, 6 मौतें हुईं, राज्य में टोटल 77709 केस




