
New Delhi: देश में कोरोना का कहर जारी है. वहीं बढ़ते संक्रमण के बीच मौत के आंकड़ों में उछाल आया है. बुधवार को एक दिन में होनेवाली मौतों की संख्या दो हजार से अधिक रही. 24 घंटे में 2003 लोगों की जान संक्रमण के कारण चली गयी. इसके साथ ही मौत का आंकड़ा 12 हजार के करीब पहुंच चुका है.
कोरोना से मौत के आंकड़ों में अचानक उछाल आया है. दरअसल, महाराष्ट्र और दिल्ली ने मौत के पुराने आंकड़ों को भी जोड़ दिया है.
एक दिन में दो हजार से ज्यादा मौत
देश में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. वहीं अब बढ़ते मौत के आंकड़े ने चिंता बढ़ा दी है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा अपडेट के मुताबिक पिछले 24 घंटे में देश में अबतक की सबसे ज्यादा 2003 मौतें संक्रमण से हुई है. वहीं 10974 नये केस सामने आये हैं. इसके साथ ही देश में मौत का आंकड़ा बढ़कर 11903 हो गया है. जबकि कोरोना मरीजों की संख्या 3 लाख 54 हजार 65 हो गयी है.
2003 deaths and 10,974 new #COVID19 cases in the last 24 hours. The total number of positive cases in the country now stands 3,54,065 at including 1,55,227 active cases, 1,86,935 cured/discharged/migrated and 11903 deaths: Ministry of Health and Family Welfare pic.twitter.com/tZM4EIZCfM
— ANI (@ANI) June 17, 2020
इनमें से एक लाख 55 हजार 227 एक्टिव केस हैं, जबकि एक लाख 86 हजार 935 लोगों ने इस बीमारी को मात दी है. अब तक मरीजों के ठीक होने की दर करीब 52.79 प्रतिशत है.
भारत में लगातार छठे दिन 10,000 से अधिक मामले सामने आए हैं. कुल पुष्ट मामलों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार. जिन 2,003 लोगों की पिछले 24 घंटे में जान गई है, उनमें से महाराष्ट्र के 1,409, दिल्ली के 437, तमिलनाडु के 49, गुजरात के 28, उत्तर प्रदेश तथा हरियाणा के 18-18, मध्य प्रदेश के 11, पश्चिम बंगाल के 10, राजस्थान के सात, कर्नाटक के पांच और तेलंगाना के चार लोग शामिल हैं. वहीं, बिहार, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पंजाब, पुडुचेरी और उत्तराखंड में एक-एक व्यक्ति की कोविड-19 से मौत हुई.
मुंबई में कोविड-19 केस की संख्या 60,000 के पार
महाराष्ट्र कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित है. महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे के अंदर 2701 नए मामले आए और 81 लोगों की मौत हो गई है. मुंबई में मंगलवार को कोरोना वायरस मामलों की संख्या 60,000 के पार पहुंच गई और लेकिन संक्रमण के रोजाना सामने आने वाले मामलों की संख्या लगभग एक महीने बाद हजार से कम देखने को मिली.
बीएमसी ने जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण से मंगलवार को 55 लोगों की मोत हो गयी . महाराष्ट्र सरकार ने अपने डेटा को सुधारते हुए 1328 मौत के आंकड़े को जोड़ा है, जो बीते दिनों हुई थी, लेकिन रिपोर्ट नहीं की गई थी. इन आंकड़ों में अकेले मुंबई में 862 मौतें हुई हैं.
मुंबई के स्थानीय निकाय ने कहा कि पिछले चौबीस घंटे में मुंबई में कोरोना वायरस के 941 ताजा मामले सामने आए जिसके बाद संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 60,142 पर पहुंच गई. अस्पतालों से 915 मरीजों को ठीक होने के बाद छुट्टी दे दी गई जिसके बाद शहर में कोविड-19 से ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 31,040 हो गई. मुंबई में अभी कोविड-19 के 25,937 मरीजों का इलाज चल रहा है.
ओडिशा में डोर-टू-डोर सर्वे
ओडिशा में दूसरे प्रदेशों से 5.5 लाख लोगों के आने के साथ राज्य सरकार ने कोरोना वायरस के लक्षणों का पता लगाने के लिए 45 दिन की गहन निगरानी का कार्यक्रम शुरू किया है. इसके तहत आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मोहल्ला-बस्तियों में जाकर कोविड-19 लक्षण वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही हैं .
ओड़िशा की राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की निदेशक शालिनी पंडित ने कहा कि कार्यकर्ता 16 जून से 31 जुलाई के बीच 53845 गांवों और 103 शहरी इलाके में सभी झुग्गी बस्तियों का दौरा करेंगे. आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक गुजरात, तेलंगाना, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, केरल समेत अन्य स्थानों से बड़ी संख्या में लोग लौटे हैं .




