
Chaibasa : कोल्हान समन्वय मंच ने आदिवासी हो समाज महासभा कला एवं संस्कृति भवन हरिगुटू चाईबासा में विभिन्न सामाजिक संगठन के प्रतिनिधियों के साथ जिला में जागरूकता अभियान चलाने हेतु सामाजिक जागरूकता सह वैचारिक कार्यक्रम का आयोजन किया. मंच के द्वारा जिला में सामाजिक कुरीतियां, अंधविश्वास, नशापान एवं असंवैधानिक क्रिया कलापों तथा विभिन्न आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण हेतु सामाजिक दायित्व के तहत सकारात्मक पहल के साथ सामाजिक कार्यकर्त्ता एवं स्वयंसेवियों को सामाजिक विकास की भावना से अवगत कराया. समाज में भाषा संस्कृति के विकास, सुरक्षा एवं संरक्षण देने की दिशा में बराबर सामाजिक जागरूकता अभियान चलाने के लिए प्रेरित किया गया.
जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से गांव-गांव आम लोगों को सामाजिक संगठन एवं स्वयंसेवियों की ओर से सरकार की जनकल्याणकारी, जनउपयोगी एवं विकासात्मक योजनाओं के बारे में जानकारी देने, प्रचार-प्रसार करने तथा सहयोग करने का सामाजिक दायित्व सौंपा गया. एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक कार्यकर्त्ताओं को समाजहित में भाषा-संस्कृति के प्रति जागरूकता को लेकर अभियान चलाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रोत्साहित भी कराया गया इधर सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वास और असंवैधानिक क्रिया कलापों के प्रति जागरूकता और सरकार की योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी देने के लिए जिला प्रशासन की ओर से पहल की जा रही है. आज इसके लिए जिला स्तर पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया.
आदिवासी हो समाज महासभा क्लब भवन में आयोजित कार्यक्रम में जिले के उपायुक्त अनन्य मित्तल, पुलिस अधीक्षक अजय लिंडा, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राजश्री अपर्णा कुजुर, एसडीओ शशींद्र कुमार बड़ाईक सहित सभी विभागों के वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे. जिले के सामाजिक और गैर सरकारी संगठनों ने साझा मंच बनाया है जिसका नाम कोल्हान समन्वय मंच रखा गया है. इस मंच ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर जिले के हर गांव तक जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी की है. आज जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम के बाद मंच में शामिल विभिन्न संगठनों द्वारा प्रखंड, पंचायत और फिर गांव स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा. कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने सरकार की योजनाओं के बारे में बताते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया. वहीं पुलिस अधीक्षक नें कहा कि समाज में हड़िया की प्रथा को समाप्त करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सभी अपराधों के मूल में हड़िया ही है. इस बुराई को सबको मिलकर समाप्त करना ही होगा.
ये भी पढ़ें- चाईबासा : जयपाल पूरती तथा गुरूवारी सोय का झारखंड तीरंदाजी टीम में चयन




