
Jamshedpur : लौहनगरी में कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. पूर्वी सिंहभूम जिले में रविवार को 4405 सैंपल की जांच में 179 कोरोना संक्रमित मरीज मिले. जिससे जिले में एक्टिव केस बढ़कर 447 हो गये. साथ ही अस्पतालों में इलाजरत 16 मरीजों के ठीक होने के बाद उन्हें आज छुट्टी दे दी गई. रविवार को सर्वाधिक मामले टेल्को थाना क्षेत्र से आए हैं. वहां 44 लोग संक्रमित मिले हैं. दूसरे स्थान पर बिष्टुपुर क्षेत्र से 26 मरीज मिले. साथ ही कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए उपायुक्त सुरज कुमार ने सभी स्कूलों के आठवीं तक के बच्चों को अगले आदेश तक स्कूल आने पर प्रतिबंध लगा दिया है.
शहर में 13 एवं ग्रामीण क्षेत्र में 72 सेंटर पर कल होगा टीकाकरण
पूर्वी सिंहभूम जिले में सोमवार को शहर में 13 एवं ग्रामीण क्षेत्र के 72 सेंटर पर 18 वर्ष से ऊपर के सभी लाभुकों का टीकाकरण किया जाएगा. वरीय प्रभारी वैक्सीनेशन कोषांग- सह- एसडीएम धालभूम संदीप कुमार मीणा ने कहा कि दिन प्रतिदिन बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों से हमें सबक लेने की आवश्यकता है तथा हम सभी को अपने स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति भी सजग रहते हुए कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करना जरूरी है.उन्होंने कहा कि स्थिति को काबू में रखने के लिए सभी का टीकाकरण जरूरी है ऐसे में लाभुकों की सुविधा को देखते हुए शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के सभी सेंटर में वॉक इन मोड में टीकाकरण किया जा रहा है. साथ ही मोबाइल वैन से भी टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध है.




