JharkhandLead NewsRanchi

22 अक्टूबर को मंत्री आलमगीर आलम का आवास घेरेंगे मनरेगा कर्मी, कहा- डेढ़ साल से ठग रहे

Ranchi : झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी महासंघ ने 22 अक्टूबर को ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री आलमगीर आलम के आवास का घेराव करने का कार्यक्रम तय किया है. महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष जॉन पीटर बागे एवं प्रदेश महामंत्री दीपक कुमार महतो ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा है कि इस दिन राज्य भर के मनरेगा कर्मी मंत्री का रांची स्थित आवास घेराव करेंगे. मनरेगा कर्मी वर्षों से अपनी मांगों की पूर्ति के लिए आंदोलन कर रहे हैं. कई बार सरकारें बदलीं पर हर बार सभी ने कर्मियों को सिर्फ ठगने का काम किया है. मनरेगा कर्मियों की मांग आज भी लंबित है. वर्तमान सरकार के मुखिया ने चुनाव के समय मनरेगा कर्मियों को वेतनमान तथा सेवा स्थाई करने का वचन दिया था. डेढ़ साल से अधिक समय बीत गया. पर कर्मियों की भलाई के लिए कुछ भी नहीं किया गया.

इसे भी पढ़ें – 31 अक्टूबर तक नियुक्ति एवं सेवाशर्त नियमावली की विसंगतियों को करें दूरः हेमंत सोरेन

चरणबद्ध आंदोलन की भी तैयारी

महासंघ के अनुसार 22 अक्टूबर को मनरेगा कर्मी पूरे दल बल के साथ मंत्री आवास का घेराव करेंगे. अगर मांगें पूरी नहीं हुई तो चरणबद्ध आंदोलन किया जायेगा. दीपक कुमार महतो के मुताबिक सरकारें मनरेगा कर्मियों का केवल शोषण करती हैं. अधिकार मांगने पर डराया जाता है, लेकिन मनरेगा कर्मी अब डरने वाले नहीं हैं. अपने हक और अधिकार के लिए लड़ना और लड़ कर अपना हक लेना अच्छी तरह जानते हैं. जब-जब आंदोलन होता है, शासन के द्वारा कुचलने का प्रयास किया जाता है.

इस बार 22 अक्टूबर के आंदोलन को कुचलने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, रांची ने कोविड-19 का हवाला देकर कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी है. आंदोलन करने पर कानूनी कार्रवाई करने की धमकी दी है. मनरेगा कर्मियों ने कोविड के दौरान अपना जान जोखिम में डाल के फ्रंटलाइन वारियर्स के रूप में काम किया है. वे कोविड-19 के नियमों को अच्छी तरह जानते हैं. ऐसे में  कोविड-19 प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन करते हुए भी अपना निर्धारित कार्यक्रम किया जायेगा. कोविड की आड़ में सरकार आंदोलन को कुचलने का षड्यंत्र कर रही है पर मनरेगा कर्मी ऐसा होने नहीं देंगे. वे आंदोलन वापस नहीं लेंगे बल्कि दोगुने दमखम से मंत्री आवास का घेराव करेंगे. सरकार को चाहिए कि वह अपना वादा निभाये. आंदोलन को कुचलने से सरकार की किरकिरी होगी.

इसे भी पढ़ें – मेयर ने कहा – कहीं वेजिटेबल मार्केट का भी हाल अटल स्मृति वेंडर मार्केट वाला न हो जाये

Related Articles

Back to top button