
Ranchi : राजधानी रांची में चलने वाले ई-रिक्शा रूट पास का रिन्यूअल करीब आठ माह के बाद भी तय नहीं पाया है.
राजधानी में कुल 994 ई-रिक्शा चालकों को रांची नगर निमग द्वारा रूट पास दिया गया था. यह पास जनवरी 2018 से दिसम्बर 2018 तक दिया गया था. दिसम्बर 2018 के बाद इन ई-रिक्शा चालकों के रूट पास का रिन्यूवल कराया जाना था. लेकिन अभी तक ऐसा नहीं हो सका है.
अप्रैल 2019 में निगम द्वारा ट्रैफिक एसपी के साथ इस संदर्भ में एक पत्राचार भी हुआ था. लेकिन अभी तक इसपर कोई निर्णय नहीं लिया गया है.
इसे भी पढ़ें : गढ़वा : उचक्कों ने उपप्रमुख की बोलेरो का शीशा तोड़कर 2 लाख 65 हजार उड़ाये
चुनाव आचार संहिता के कारण लगी थी रोक
बता दें कि निगम के अपर नगर आयुक्त ने अप्रैल माह में तत्कालीन ट्रैफिक एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग को इस मामले में एक पत्र लिखा था. पत्र में कहा था कि निगम अंतर्गत कुल 29 रूटों का निर्धारण करते हुए वर्ष 2018 में ई-रिक्शा को रूटपास दिया गया था. इसकी अवधि 1 जनवरी से 31 दिसम्बर 2018 तक थी.
2019 के शुरूआत में भी नये रूट पास का वितरण किया जाना था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से ऐसा नहीं हो सका. बाद में लोकसभा चुनाव होने से आदर्श आचार संहिता के कारण भी रूट पास का वितरण नहीं हो सका. अपर नगर आयुक्त ने एसपी को कहा था कि जल्द से जल्द नये रूट पास का वितरण कर सभी थाने को इसकी जानकारी दी जाये.
इसे भी पढ़ें : धनबाद : स्कूल परिसर के पुराने कुएं में विस्फोट, लगातार उठ रहा धुआं, दहशत में हैं लोग
रूट पास 994 का, चल रहा 10000 के करीब ई-रिक्शा
निगम द्वारा राजधानी के कुल 994 ई-रिक्शा चालकों को रूटपास दिया गया है. लेकिन जानकारी यही है कि राजधानी के विभिन्न रूटों में 10,000 के करीब ई-रिक्शा चल रहे हैं.
पहले भी निगम कई बार ऐसे ई-रिक्शा चालकों पर कार्रवाई कर चुका है, लेकिन अभी भी इनपर की कठोर नियंत्रण नहीं लगा सका है. इसके कारण राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था काफी खराब हो चुकी है.
बता दें कि कचहरी चौक से फिरायालाल और फिरायालाल से सुजाता चौक होते हुए राजेंद्र चौक तक क्रमशः 65 और 60 ई-रिक्शा चालकों को रूटपास दिया गया है. लेकिन हकीकत यही है कि इसी रूट में 500 से अधिक ई-रिक्शा चल रहे है.
एसपी के तबादले से नहीं हो सका पास का वितरण
ई-रिक्शा का काम देख रहे निगम के सिटी मैनेजर सौरभ कुमार वर्मा का कहना है कि लोकसभा चुनाव के बाद तत्कालीन ट्रैफिक एसपी का तबादला हो गया था. उसके कारण से रूटपास का वितरण नहीं हो सका है.
हालांकि उन्होंने कहा कि जबतक नये रूट पास का वितरण नहीं हो पाता, तबतक पुराने पास पर ही ई-रिक्शा को चलाने का निर्देश चालकों को दिया गया है.
इसे भी पढ़ें : ये है कानून के रखवालों का हाल, पुलिसवाले ही दोपहिये पर बिना हेलमेट चलते हैं, तीन-तीन लोग हो जाते हैं सवार




