
Mumbai : नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा में रार बढ़ती जा रही है. वार-पलटवार का दौर जारी है. कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण के बयान को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर मुस्लिम तुष्टीकरण के आरोप लगाये हैं.
इसका जवाब देते हुए अशोक चव्हाण ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि कांग्रेस कभी ऐसे काम नहीं करती है. आरोप लगाया कि यह सब भाजपा का धंधा है.
जान लें कि इससे पूर्व भाजपा की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर संबित पात्रा ने कहा कि अशोक चव्हाण के बयान से कांग्रेस की पोल खुल गयी है और उसने हिंदुओं का अपमान किया है.
इसे भी पढ़ें : #Shashi_Tharoor ने कहा, सरकार चला रही है टुकड़े-टुकड़े गैंग और देश को बांट रही है…
मुस्लिम भाइयों ने कहा था कि हमारी सबसे बड़ी दुश्मन भाजपा है
कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण ने कहा था कि महाराष्ट्र में हमारी सरकार है. महाराष्ट्र में भाजपा को सत्ता में आने से रोकने के लिए हम इस सरकार में शामिल हुए हैं. कई मुस्लिम भाइयों ने कहा था कि हमारी सबसे बड़ी दुश्मन भाजपा है, भाजपा को अगर रोकना है तो कांग्रेस को इस सरकार में शामिल होना चाहिए. इसीलिए कांग्रेस आज सरकार में शामिल है. जब तक कांग्रेस सरकार में शामिल है तब तक हम महाराष्ट्र में CAA लागू नहीं होने देंगे.
भाजपा के पलटवार पर अशोक चव्हाण ने कहा कि CAA लागू नहीं करना है, यह कांग्रेस वर्किंग कमिटी का फैसला है. यह किसी एक समाज का विषय नहीं है.
CAA को जबरदस्ती लागू करने का प्रयास हो रहा है. यह संविधान के खिलाफ है इसीलिए हमारा प्रयास इसके खिलाफ है. मैंने नांदेड़ में जो बयान दिया है, वह इसी सिलसिले में दिया है. हमने किसी सामाजिक तत्व की बात मानकर ऐसा नहीं किया था.
इसे भी पढ़ें : #CAA पर फिलहाल स्टे लगाने से सुप्रीम कोर्ट का इनकार, केंद्र से चार हफ्तों में मांगा जवाब
कांग्रेस को वोट लेने के लिए कभी ध्रुवीकरण की जरूरत नहीं पड़ी
भाजपा द्वारा मुस्लिम तुष्टीकरण के आरोप पर अशोक चव्हाण ने कहा, हमने कभी ऐसा काम किया नहीं है. यह भाजपा का धंधा है. कांग्रेस को वोट लेने के लिए कभी ऐसे ध्रुवीकरण की जरूरत नहीं पड़ी. हम सबको साथ लेकर चलने वाले लोग हैं और हमारी सेक्युलर पार्टी विकास के आधार पर लोगों से वोट मांगती है. इस तरह की साजिशें भाजपा करती है.
कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण के बयान को लेकर कांग्रेस को मुस्लिम लीग कांग्रेस नाम देते हुए भाजपा ने कहा था कि चव्हाण के बयान से कांग्रेस की पोल खुल गयी है और उन्होंने हिंदुओ का अपमान किया है. साथ ही AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह जिन्ना बनने की राह पर चल रहे हैं.
कांग्रेस ने हिंदुओं का अपमान किया है
भाजपा नेता संबित पात्रा ने चव्हाण के बयान का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस ने हिंदुओं का अपमान किया है. उन्होंने कहा कि प्रदर्शन की आड़ में हिंदुओं को गाली दी जाती है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक नेता कहते हैं कि वह केवल मुस्लिमों के लिए किसी सरकार में शामिल हैं. तो आखिर हिंदुओं, सिखों, पारसियों ने आखिर क्या गुनाह किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस मुसलमानों से पूछकर सत्ता चलाती है.
ओवैसी के छोटे भाई पर निशाना
पात्रा ने नेता असदद्दीन ओवैसी के भाई अकबरुद्दीन ओवैसी पर भी बोला हमला. उन्होंने कहा, कल औवेसी ने कहा कि मुसलमानों ने 800 वर्ष तक इस मुल्क में हुक्मरानी और जांबाजी की है. मेरे आबा और जात ने इस मुल्क को कुतुबमीनार, चार मिनार, जामा मस्जिद दिया है.
लाल किला भी मेरे आबा और दादा ने बनाया, तेरे बाप ने क्या बनाया है? संबित पात्रा ने कहा, हमारे दादा-परदादा ने इस देश को सहिष्णु, विराट, क्षमतावान, गरीमावान बनाया और आप लोग ऐसी भाषा का उपयोग करते हैं.
शाहीन बाग का जिक्र

पात्रा ने शाहीन बाग में CAA के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन पर कहा कि शाहीन बाग में छोटी बच्चियों को जेहन में जहर किसने भरा है. उन्होंने कहा कि पीएम को जान से मार देना है यह उन्हें किसने सिखाया. उन्होंने कहा, देश में हिंदुओं के खिलाफ जहर बोया जा रहा है.
यह काफी दर्दनाक है. देश में लोकतंत्र है यहां किसी भी विषय पर प्रदर्शन किया जा सकता है. लेकिन ऐसे किसी के जेहन में जहर बोना कहां तक उचित है.
इसे भी पढ़ें : रक्षा मंत्री ने कहा, केवल हम ही #Secular हैं, पाकिस्तान, अमेरिका भी धर्मशासित देश




