
- आज है कांग्रेस के ‘आजाद’ राजनेता का जन्म दिवस
Ranchi: आज 28 नवंबर है. झारखंड के उस सपूत का जन्मदिवस, जो बिहार की राजनीति के आकाश में धूमकेतू की तरह चमका और जिसने बिहार के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के रूप में एक लंबी लकीर खींच दी. उस सपूत का नाम है- भागवत झा आजाद.
उनका जन्म गोड्डा जिले के महगामा इलाके के कसबा गांव में हुआ था. बिहार की सियासत के इतिहास का जिन्हें जरा भी इल्म है, उन्हें पता है कि झारखंड के इस बेटे यानी भागवत झा आजाद की हस्ती क्या थी! बिहार के बाहर केंद्र की राजनीति में भी उनका खासा दखल रहा. उन्होंने केंद्र में मंत्री के रूप में अपनी कार्यक्षमता की छाप छोड़ी.
एक दौर था, जब उन्हें शेर-ए-बिहार कहा जाता था. बिहार के मुख्यमंत्री तो वह बाद में बने, गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के पहले सांसद के रूप में वह संसद में इलाके की आवाज बने. यह उनकी ही हस्ती थी कि गोड्डा को सियासी नक्शे पर पहचान मिली. हालांकि आजाद के राजनीतिक कर्मक्षेत्र की बात करें तो वह मुख्य रूप से भागलपुर रहा, जहां से उन्होंने पांच बार लोकसभा का चुनाव जीता. भागवत झा आजाद का जन्म गोड्डा के कसबा गांव में हुआ, लेकिन उनकी शिक्षा मुख्य रूप से भागलपुर में हुई. स्वाभाविक तौर पर यही इलाका उनकी राजनीति की कर्मभूमि बना.
इसे भी पढ़ें: एम्स ने जारी किया आइएनआइ सीईटी 2021 का रिजल्ट
इस घटना के बाद नाम के साथ जुड़ गया आजाद
28 नवंबर 1922 को जन्मे भागवत झा जब पढ़ाई कर रहे थे, तब देश की आजादी का आंदोलन तेज हो गया था. 1942 में जब अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन का आगाज हुआ, तो वह अपनी एम.ए. की पढ़ाई छोड़कर आंदोलन में कूद पड़े. एक साल के लिए उनकी पढ़ाई छूट गयी. बाद में उन्होंने एम.ए. की पढ़ाई की और सक्रिय राजनीति में आ गये.
भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान ही वह घटना घटी, जिसके बाद भागवत झा के नाम के साथ ‘आजाद’ जुड़ गया. भागवत झा और उनके साथियों को खबर मिली कि दिल्ली से कोलकाता जानेवाली एक ट्रेन में अंग्रेजी सेना के हथियारों की एक बड़ी खेप ले जायी जा रही है. छात्रों ने मिलकर योजना बनायी कि ट्रेन पर लदे हथियारों को लूट लिया जाये, लेकिन ब्रिटिश पुलिस को एक मुखबिर से क्रांतिकारी छात्रों की इस योजना की जानकारी मिल गयी.
फिर क्या था, भागवत झा और उनके साथी जैसे ही स्टेशन के पास पहुंचे, पुलिस ने फायरिंग शुरू कर दी. भागवत झा के पांव में गोली गली और वह बेहोश होकर गिर पड़े. अन्य छात्र भी घायल हुए. सभी घायल छात्रों को हॉस्पिटल ले जाया गया. जो लोग नीचे गिरे पड़े थे, उन्हें मरा मान लिया गया.
भागवत झा भी उन्हीं में एक थे. लेकिन इसी बीच उन्हें होश आ गया और वे स्थानीय लोगों की मदद से वहां से किसी तरह भागने में कामयाब रहे. सभी घायल छात्रों को गिरफ्तार कर लिया गया, पर भागवत झा तो आजाद रह गये थे. इसी घटना के बाद उनके नाम के साथ आजाद जुड़ गया.
इसे भी पढ़ें: Latehar : छत्तीसगढ़ के 5 डकैत गिरफ्तार, महुआडांड़ में बंदूक के बल पर की थी लूटपाट
मूल्यों को सहेजने वाले नेता के रूप में याद आते हैं
भागवत झा आजाद उस पीढ़ी के नेता के रूप में याद किये जाते हैं, जिन्होंने मूल्यों और उसूलों की राजनीति की. लंबे संसदीय और राजनीतिक जीवन के बावजूद उनका दामन प्रायः बेदाग रहा. 1951 के लोकसभा चुनाव में तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने उन्हें कांग्रेस का टिकट दिलाया था.
नेहरू को आजादी के आंदोलन के दौरान भागवत झा आजाद के गोली से जख्मी होने की घटना की जानकारी मिली थी, तो उन्होंने उनसे कहा था अपने नाम के साथ आजाद हमेशा जोड़े रखना.
इसे भी पढ़ें: पलामू: कोविड-19 वैक्सिनेशन की तैयारी तेज, पहले चरण के 7500 सरकारी फ्रंट लाइन वर्कर्स की सूची तैयार
भागलपुर दंगे में आरोपों के छींटे
1989 के भागलपुर दंगे के दौरान भागवत झा आजाद पर राजनीतिक आरोपों के छींटे भी पड़े. वह उस वक्त वहां के सांसद हुआ करते थे. उनपर आरोप लगे कि अगर वे चाहते तो बिगड़ते हालात को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभा सकते थे, लेकिन उन्होंने हालात की अनदेखी की. यही वजह रही कि 1989 के बाद कांग्रेस का ग्राफ बिहार में धीरे-धीरे गिरता गया.
दंगा के बाद हुए लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस की करारी हार हुई. भागलपुर लोकसभा क्षेत्र से चुनचुन यादव ने कांग्रेस प्रत्याशी भागवत झा को चार लाख से अधिक मतों से पराजित किया था. दंगा के बाद भागलपुर में लोकसभा और विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को कभी सफलता नहीं मिली.
इसे भी पढ़ें: राज्य भर में आठ हजार सोलर स्ट्रीट लाइट लगायेगी जरेडा, 15 करोड़ 52 लाख की योजना
केबी सहाय के बाद दूसरे झारखंडी, जो बिहार के सीएम बने
कुल छह दफा लोकसभा को सफर करनेवाले भागवत झा आजाद का बिहार की राजनीति में जोरदार दखल रहा. कृष्ण वल्लभ सहाय के बाद वह मौजूदा झारखंड के दूसरे नेता थे, जिन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी कार्यक्षमता की विशिष्ट छाप छोड़ी. हालांकि उन्होंने सीएम के रूप में मात्र 13 महीने काम किया, लेकिन उनकी दूरदृष्टि और प्रशासनिक कौशल का हर किसी ने लोहा माना.
वह 14 फरवरी 1988 से 10 मार्च 1989 तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे. केंद्र में मंत्री के रूप में उन्होंने कृषि, श्रम एवं रोजगार, नागरिक उड्डयन, शिक्षा और खाद्य व नागरिक आपूर्ति जैसे विभागों में योगदान किया. 4 अक्टूबर 2011 को दिल्ली के एम्स में उन्होंने आखिरी सांस ली.
इसे भी पढ़ें: सुधर रही मंत्री जगरनाथ महतो की सेहत, लेकिन इलाज कर रहे डॉक्टर ही हो गये कोरोना पॉजिटिव




