
- लंबित योजनाओं को पूरा करने के लिये चार महीने का समय दिया जायेगा
- साल 2018-19 में दस हजार का था लक्ष्य, लेकिन नहीं हुआ था काम
Ranchi: तीन साल बाद राज्य में आठ हजार नये सोलर स्ट्रीट लाइट लगाये जायेंगे. झारखंड रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी की ओर से इसके लिये टेंडर नोटिस जारी किया गया है. इसमें आठ हजार सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की बात की गयी है. ये राज्य भर में लगाये जायेंगे.
लॉकडाउन के पहले से ही स्ट्रीट लाइट लगाने की तैयारी की जा रही थी, जिसमें लगभग छह हजार का लक्ष्य था. लेकिन टेंडर के साथ ही संख्या बढ़ायी गयी. टेंडर का कुल कॉस्ट 15 करोड़ 52 लाख है. टेंडर भरने की आखिरी तारीख 21 दिसंबर है.
टेक्निकल बीड 23 दिसंबर को खोली जायेगी. टेंडर प्रक्रिया पूरी होने पर चयनित एजेंसी को चार महीने का समय इसे लगाने के लिये दिया जायेगा. इस टेंडर के साथ ही एजेंसियों को बैटरी समेत अन्य संसाधन भी लाइट के साथ लगाने हैं.
इसे भी पढ़ें: एम्स ने जारी किया आइएनआइ सीईटी 2021 का रिजल्ट
2018-19 में लगने थे 10 हजार सोलर लाइट
साल 2018 -19 वित्तीय वर्ष के लिए राज्य में दस हजार सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का लक्ष्य रखा गया. लेकिन इस साल जरेडा ने टेंडर नहीं किया. ऊर्जा विभाग की ओर से जरेडा की कई योजनाओं की फंडिंग रोक दी गयी. वहीं साल 2019 में भी इन लक्ष्यों पर काम करने का योजना थी. लेकिन इस साल भी फंडिंग देर से होने के कारण टेंडर नहीं किया गया.
हालांकि इसी दस हजार लक्ष्य के लिए मार्च में लॉकडाउन के पहले जरेडा ने पांच हजार सोलर स्ट्रीट लाइट का टेंडर फाइनल भी किया, जिसमें चार एजेंसियों को काम दिया गया था. अब तक इसके तहत सौ सोलर स्ट्रीट लगाये गये हैं. हालांकि लॉकडाउन के दौरान ये योजनाएं प्रभावित रहीं.
इसे भी पढ़ें: पलामू: कोविड-19 वैक्सिनेशन की तैयारी तेज, पहले चरण के 7500 सरकारी फ्रंट लाइन वर्कर्स की सूची तैयार
सुदूरवर्ती इलाकों में रहता है फोकस
बता दें सोलर स्ट्रीट लाइट सुदूरवर्ती इलाकों में लगाया जाता है, जहां विद्युतीकरण के लिए संसाधन उपलब्ध नहीं होते या भौतिक कारणों से संसाधन उपलब्ध कराना मुश्किल होता है. ऐसे में पिछले तीन साल से राज्य में एक भी नयी सोलर स्ट्रीट लाइट नहीं लगायी गयी.
साल 2017 के लक्ष्यों पर पिछले साल तक काम किया गया. वहीं साल 2016-17 में भी सोलर स्ट्रीट लाइट के लिए टेंडर नहीं किया गया था.
इसे भी पढ़ें: सुधर रही मंत्री जगरनाथ महतो की सेहत, लेकिन इलाज कर रहे डॉक्टर ही हो गये कोरोना पॉजिटिव




