
Lucknow : समाजवादी पार्टी में टूट की खबर है. लंबे समय से अपनी अनदेखी से नाराज पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव ने समाजवादी सेक्युलर मोर्चा बना लिया है. सपा अघ्यक्ष अखिलेश यादव के लिए यह झटका माना जा रहा है. बता दें कि शिवपाल ने कहा है कि समाजवादी पार्टी से नाराज और उपेक्षा झेल रहे लोगों को इसमें शामिल करेंगे. शिवपाल सिंह के अनुसार सपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव समाजवादी सेक्युलर मोर्चे से जुड़ेंगे. शिवपाल के अनुसार वह नेताजी को सम्मान न दिये जाने से आहत हैं. वे सेक्युलर मोर्चे के सहारे अऩ्य छोटे दलों को सेक्युलर मोर्चे से जोड़ेंगे.
बता दें कि हाल ही में रक्षाबंधन पर अपनी बहन से राखी बंधवाने के बाद शिवपाल ने कहा था, इंतजार करते डेढ़ साल हो चुके हैं, आखिर कितनी उपेक्षा बर्दाश्त की जाये. सहने की कोई सीमा होती है.
इसे भी पढ़ेंःदेशभर से वामपंथी विचारकों की गिरफ्तारी से हड़कंप, मामले पर सुनवाई आज
भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर शिवपाल सिंह से मिले
जानकारी के अनुसार मंगलवार को भाजपा की सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर शिवपाल सिंह से मिले थे. कहा जा रहा है कि राजभर इस मोर्चे में शामिल होंगे. खबरों के अनुसार नयी पार्टी बनाने के बाद शिवपाल यादव मुलायम सिंह यादव से मिलने उनके आवास पर जायेंगे. जान लें कि शिवपाल यादव को उनके बड़े भाई मुलायम सिंह यादव ने पिछले साल विश़्वास में लिया था कि सपा में शिवपाल को बड़ी जिम्मेदारी दी जायेगी.
पिछले साल जब सपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में तय माना जा रहा था कि शिवपाल को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बना दिया जायेगा. हालांकि, उनके दूसरे बड़े भाई प्रोफेसर रामगोपाल यादव को प्रधान महासचिव बना दिया गया, पर उन्हें कोई जिम्मेदारी नहीं दी गयी
इसे भी पढ़ें- रांची में फादर स्टेन स्वामी के घर पर पुणे की पुलिस ने मारा छापा, लैपटॉप-मोबाइल जब्त




