
Palamu: भाजपा पलामू के तत्वावधान में बुधवार की शाम छहमुहान पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंका गया. जिला अध्यक्ष विजयानंद पाठक एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं की अगुवाई कार्यकर्ताओं ने हेमंत सोरेन का पुतला लेकर गीता भवन से छहमुहान तक सरकार विरोधी प्रदर्शन किया. बता दें कि मंगलवार को रांची में सचिवालय घेराव के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं के ऊपर पुलिस ने लाठीचार्ज की थी. इससे भाजपा कार्यकर्ता आक्रोशित थे. इसी आक्रोश के तहत यह कार्यक्रम किया गया.
मौके पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि राज्य का मुख्यमंत्री लूटेरा है. कल ऐतिहासिक सचिवालय घेराव से घबराकर हेमंत सोरेन ने भाजपा कार्यकर्ता को पुलिस से पिटाई कराने का काम किया. हेमंत सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है अभी तो सचिवालय घेराव एक टेलर है, आगे पूरी फिल्म बाकी है. आने वाले समय में इस सरकार को उखाड़ फेंकने का काम भारतीय जनता पार्टी जरूर करेगी.
कतरास और सिंदरी में भाजपाइयों ने फूंका सीएम का पुतला
भारतीय जनता पार्टी कतरास मंडल के कार्यकर्ताओं का कहना था कि भ्रष्टाचार में लिप्त झारखंड सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिए शांतिपूर्ण आंदोलन करने पहुंचे भाजपाइयों पर लाठी चार्ज करवाया. कहा कि लाठीचार्ज कर भाजपाई के साथ मारपीट और उन्हें घायल करने के विरोध में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया गया. पुतला दहन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओ ने जमकर मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की.
सिंदरी नगर भाजपा ने काला दिवस मनाया और रोहडाबांध अम्बेडकर चौक पर हेमन्त सोरेन का पुतला दहन किया गया. नगर अध्यक्ष अरबिंद पाठक के नेतृत्व में कार्यकर्तागण एफसीआईगेट से जुलूस के रूप में रोहडाबांध चौक पहुंचे औऱ हेमन्त सोरेन का पुतला दहन किया. इस दौरान हेमंत सोरेन तेरी तानाशाही नहीं चलेगी… होश में आओ.. होश में आओ..जैसे नारे खूब लगे.
गिरिडीह के कई प्रखंडों में सीएम का पुतला जलाया
गिरिडीह के शहरी क्षेत्र समेत प्रखंडो में सीएम हेमंत सोरेन का पुतला जलाया और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई. इस दौरान गांडेय के अहिल्यापुर मंडल में पूर्व विधायक लक्ष्मण स्वर्णकार के नेत्तृव में पार्टी के महेन्द्र वर्मा, अरुण हाजरा, संदीप वर्मा, सुरेश कुमार लोहानी, सतनारायण यादव समेत कई कार्यकर्ता अहिल्यापुर दुर्गा मंदिर के समीप जुटे, और हेमंत सोरेन का पुतला लिए जमकर नारेबाजी किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मौके पर सीएम का पुतला दहन कर हेमंत सरकार के इशारे पर हुए बर्बर लाठी चार्ज की घटना को बर्बरतापूर्ण कार्रवाई बताया. जबकि गांडेय में ही भाजपा नेता यदुनंदन पाठक के नेत्तृव में सीएम का पुतला जलाकर भाजपाईयों ने आक्रोश जताया. कहा कि अब इस सरकार के दिन पूरे हो चुके है. झारखंड सचिवालय घेराव के लिए जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठी चलाना हेमंत सरकार के खौफ को दर्शाता है.

रामगढ़ में सीएम का पुतला दहन
भाजपा रामगढ़ कैंट मंडल के तत्वधान में मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष कुमार साह के नेतृत्व में हेमंत सरकार का पुतला दहन कर भाजपाइयों ने आक्रोश व्यक्त किया. सुभाष चौक पर उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने काला पट्टा लगा कर एवं मौन जुलूस निकाला. सचिवालय घेराव कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं खाश कर महिलाओं पर जिस तरह पुलिस द्वारा शर्मनाक लाठीचार्ज किया गया वो हेमंत सरकार के हर मोर्चे पर बिफलता को दर्शाता है.





