
Deoghar: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि वर्तमान में देवघर जिला में लखराज एवं अन्य लगान मुक्त भूमि का राजस्व कार्यों का संपादन समुचित तरीके से नहीं हो पा रहा है, जैसे कि बिक्री निबंधन, दाखिल-खरिज, लगान रसीद इत्यादि। ऐसे में उपरोक्त कार्याे के संपादन में आ रही समस्याओं को चिन्हित करने एवं उन समस्याओं का एक विधिक समाधान कैसे किया जा सकता है के निमित्त एक सम्यक प्रतिवेदन समर्पित करने हेतु एक उच्च स्तरीय समिति द्वारा कार्य किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: मनी लांड्रिंग मामला: पूर्व स्वास्थ्य सचिव डॉ प्रदीप कुमार समेत तीन आरोपियों की याचिका पर अब 11 अप्रैल को सुनवाई
उच्चस्तरीय समिति में अध्यक्ष के रूप में अपर समाहर्त्ता एवं सदस्य सचिव के रूप में भूमि सुधार उपसमाहर्त्ता के अलावा सदस्य के रूप में अंचल अधिकारी, देवघर, अंचल अधिकारी, मोहनपुर, सरकारी अधिवक्ता, देवघर को चिन्हित करते हुए प्रतिनियुक्त किया गया है. साथ ही समिति को लखराज एवं अन्य लगान मुक्त भूमि से जुड़ी सभी जटीलताओं का निराकरण करते हुए लखराज एवं अन्य लगान मुक्त भूमि के संबंध में अविलम्ब प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया है. उपायुक्त द्वारा जानकारी दी गयी कि प्रोपर पंजी 2 में रिकॉर्ड नहीं रहने की वजह से फर्जीवाड़ा होने की संभावना बनी रहती है. ऐसे में लखराज जमीन से जुड़े सभी कागजात की जांच करते हुए लखराज भूमि का आइडेंटिफाई करते हुए अंचल के प्रतिवेदन के आधार पर रेंट फिक्सेशन किया जायेगा.
प्रेसवार्ता के दौरान उपायुक्त द्वारा जानकारी दी गयी कि जिला प्रशासन द्वारा 15 मार्च से ही अनशन तोड़वाने हेतु प्रयासरत है। ऐसे में आज भी सभी अनशनकारियों से उपायुक्त ने अनुरोध करते अनशन समाप्त करने का आग्रह किया। साथ ही उपायुक्त ने कहा कि अनशनकारियों की स्वास्थ्य सुविधा हेतु चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों की टीम लगातार इनकी स्वास्थ्य की निगरानी हेतु उपलब्ध है। इसके अलावे विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था व यातायात व्यवस्था को देखते हुए दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति वीआईपी चौक के आसपास की गयी है। मगर कई बार अनशनकारी अपने स्थल को छोड़कर चले जाते हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था की भी उत्पन्न होने का खतरा बना रहता है.
वहीं आठवें दिन आमरण अनशन के बाद आज चिकित्सकों की टीम द्वारा जांच के उपरांत पाया गया कि श्री कार्तिकनाथ ठाकुर का ब्लड सुगर 115.9, सीरम सोडियम 133.9 एवं श्री संतोष पासवान का ब्लड सुगर 170.6, सीरम सोडियम 149.9 हैं. साथ ही उपायुक्त ने अनशन के दौरान यत्र-तत्र घुमते हुए गलत बयानबाजी व लोगों को उकसाकर कानून के विरूद्ध कार्य नहीं कराया जा सकता है. वहीं बाबा मंदिर में देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु द्वादश ज्योर्तिलिंग बाबा बैद्यनाथ के दर्शन व पूजन के लिए आते हैं। इनकी सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता एवं जिम्मेवारी है। ऐसे में इस तरह के बयान से श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर असर पड़ता है. बाबा मंदिर में एक अनुशासन बनाते हुए ही तीर्थयात्री, तीर्थक्षेत्र एवं तीर्थपुरोहित की बेहतरी की दिशा में कार्य किया जा सकता है.
उपायुक्त ने कहा कि लखराज से जुड़ा मुद्दा सरकार के संज्ञान में भी है। वहीं दूसरी ओर लखराज से जुड़े निराकरण हेतु सरकारी कमिटि के अलावा सभी स्टेक हॉल्डर्स के साथ (पंडा समाज, चैम्बर ऑफ कॉमर्स, मारवाड़ी समाज, केसरी समाज एवं लखराज से जुड़े सभी लोगों) बैठक की जायेगी। इसके अलावे उपायुक्त द्वारा जानकारी दी गयी कि साथ ही भट्ठर धर्मशाला से जुड़े दस्तावेज जिला प्रशासन को मिले हैं, जिसमें भट्ठर धर्मशाला न्यास बोर्ड की सम्पति बतायी गयी है। जिसको लेकर आगे की कार्रवाई नियमानुसार प्रशासन द्वारा की जायेगी.
प्रेसवार्ता के अंत में उपायुक्त ने एक बार पुनः अनशनकारियों से अनशन तोड़ने का आग्रह करते हुए कहा कि सरकार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा लखराज जमीन से जुड़े कानूनी पेंच व रेंट फिक्सेशन को लेकर कार्य कर रही है। जिसका जल्द ही निराकरण कर लिया जायेगा। इस दौरान जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी प्रमोद कुमार, सहायक जनसम्पर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, जनसम्पर्क कर्मी निर्भय शंकर ओझा, उपेंद्र कुमार एवं विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि व एनआईसी के कर्मी आदि उपस्थित थे।




