
Ranchi : ग्रामीण विकास विभाग ने बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत लंबित सामग्री मद की राशि का पेमेंट नहीं करने पर खेद जताया है. सभी जिलों के उपविकास आयुक्तों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों को पत्र लिख कर कहा है कि जिलों की अधियाचना के अनुसार सामग्री मद में राशि उपलब्ध करायी गयी थी बावजूद इसके उक्त योजना में राशि भुगतान अब तक लंबित है. विभाग ने कहा है कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि राज्य सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना के क्रियान्वयन में प्रखंड व जिला रुचि नहीं ले रहे हैं.
विभाग ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन नवंबर की शाम पांच बजे तक हर हाल में बिरसा हरित ग्राम योजना में सामग्री मद में लंबित राशि भुगतान करने का निर्देश दिया है. लंबित भुगतान की प्रवृष्टि मनरेगा सॉफ्ट में भी अपलोड करने को कहा है.
इसे भी पढ़ें:दुःखद खबर : प्रख्यात चिकित्सक डॉ नयन कुमार का निधन
ग्रामीण विकास विभाग ने यह स्पष्ट किया है कि इसके बाद भी किसी जिले में भुगतान लंबित रहता है तो संबंधित प्रखंड के बीडीओ, बीपीओ संयुक्त रूप से जिम्मेवार होंगे.
जिला स्तर पर परियोजना पदाधिकारियों की जिम्मेवारी तय की गयी है. विभाग ने कहा है कि किसी भी परिस्थिति में बिरसा हरित ग्राम योजना के अलावा किसी अन्य योजनाओं में राशि भुगतान नहीं करनी है.
बता दें कि राज्यभर में बिरसा हरित ग्राम योजना से पौधारोपण का काम किया गया है. इसके फेंसिंग सहित अन्य कार्य किये गये हैं. जिसके लिए सामग्री की खरीद विभिन्न सप्लायरों से की गयी है. इन्हीं का पेमेंट लंबे समय से रुका हुआ है.
इसे भी पढ़ें:सोशल मीडिया में वायरल हो रहा जेपीएससी पीटी में क्रमवार पास हुए स्टूडेंट्स का रिजल्ट




