
Khunti: जिले के घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र रहे दक्षिणी अड़की का मुख्यालय और प्रस्तावित प्रखंड बिरबांकी के मुख्यालय में आज भी मोबाईल और इंटनेट की कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण ग्रामीण काफी परेशान हैं. विकास का काम पूरी तरह बाधित है. लोग सूचनाओं से वंचित हैं. इसकी मांग वे वर्षों से करते आ रहे हैं, लेकिन उनकी बातें कोई सुनने वाला नहीं. इस स्थिति में गुरूवार को बिरबांकी और उसके सभी 12 टोलों के ग्रामीणों की संयुक्त ग्रामसभा की बैठक हुई. जिसमें ग्रामीणों ने सशक्त तरिके से बिरबांकी में सभी मोबाईल कम्पनियों के टावर लगाने की मांग की. ग्रामसभा ने घोषणा की है कि अगर उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया. मोबाईल का टावर नहीं लगा, तो आंदोलन का रास्ता इख्तियार करेंगे.
इसे भी पढ़ें: कांके में सनकी पति ने पत्नी पर पेट्रोल डालकर लगा दी आग, खुलेआम घूम रहा है आरोपी
हजारों बच्चे एक साल तक शिक्षा से रहे दूर
ग्रामसभा में सबन समद ने कहा कि इंटरनेट की कनेक्टिविटी नहीं रहने के कारण बिरबांकी समेत दक्षिणी अड़की के सात पंचायतों के हजारों बच्चे एक साल तक शिक्षा से दूर रहे. शहरों के बच्चों की पढ़ाई में लॉक डाउन के दौरान ऑनलाइन हुई, लेकिन गांवों के बच्चे शिक्षा से दूर रहे. ग्रामसभा सरकार से मोबाईल और इंटरनेट कनेक्टिविटी की मांग करती है, अन्यथा हजारों ग्रामीण एक साथ आंदोलन का रास्ता अपनायेंगे.
स्कूल, अस्पताल, पुलिस कैंप हैं, लेकिन इंटरनेट सेवा नहीं
मुखिया जवरा मुंडा ने कहा कि उनके पंचायत बिरबांकी और बोहोंडा पंचायत के कुरूंगा में सीआरपीएफ और पुलिस कैंप है, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र है, बिरबांकी सात पंचायतों का मुख्यालय और मुख्य बाजार है. दर्जनों स्कूल हैं. लेकिन यहां इंटरनेट की कनेक्टिविटी नहीं है. बीएसएनएल का टावर है, जिससे इंटरनेट काम नहीं करता है. मोबाईल पर भी काफी मुश्किल से कट-कट कर बात हो पाती है. यह सामुहिक समस्या है, इस कारण इसके लिए गांव के लोग सामुहिक रूप से आवाज उठा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: भूपिंदर हुड्डा द्वारा महिलाओं से ट्रैक्टर खिंचवाने का भाजपा महिला मोर्चा ने किया विरोध, कहा- बंधुआ मजदूरी की दिलायी याद
विकास का काम है बाधित
बैजनाथ समद और बोगन सिंह मुंडा ने कहा कि इंटरनेट कनेक्शन नहीं होने के कारण पूरे इलाके में विकास के काम बाधित हैं. गांवों में लोग सूचनाओं से वंचित रहते हैं. बिरबांकी के 14 किमी परिधि में इंटरनेट की सेवा नहीं रहने से पूरा इलाका परेशान हैं.
मंत्री से बात करेंगे कांग्रेस नेता
ग्रामसभा में पहुंचे कांग्रेस सहकारिता विभाग के नईमुद्दीन खां ने कहा कि वे ग्रामीणों के इस मांग का समर्थन करते हैं. उन्होंने कहा कि इस संबंध में अपने पार्टी के मंत्रियों से बात करेंगे. उन्होंने बताया कि राज्य के चार मंत्रियों से बिरबांकी आने को लेकर बातचीत चल रही है. मो. खां ने भरोसा जताया कि वे इस समस्या के सामधान के लिए हर संभव कोशिश करेंगे.
इसे भी पढ़ें: रांची के इन इलाकों में 15 दिनों में होने लगेगी पाइपलाइन से रसोई गैस की सप्लाई




