
Jamshedpur : 28 और 29 मार्च को होने जा रही देशव्यापी हड़ताल को लेकर रविवार को मानगो क्षेत्र में डिमना चौक, खुदीराम बोस चौक और बस स्टैंड चौक में नुक्कड़ सभाओं का आयोजन कर हड़ताल का सफल बनाने का आह्वान किया गया. इस हड़ताल में इंटक, एटक, सीटू, ऐक्टू, एआईयूटीयूसी आदि केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के साथ एफएमआरआई और जे डब्ल्यूयू भाग ले रहे हैं. लेकिन भाजपा से संबंधित भारतीय मजदूर संघ ने इस हड़ताल से अपने आप को अलग कर लिया है.
केन्द्रीय मजदूर संघ के संयोजक राकेश्वर पांडेय ने बताया कि श्रम संगठनों के संयुक्त मंच की ओर से यह हड़ताल हो रहा है. हमारी मुख्य मांगों में चार मजदूर विरोधी श्रम कानून को समाप्त करने, विनिवेश और एनएमपी के प्रयासों को समाप्त करने, जरूरतमंद परिवारों के लिए खाद्य और आय सुरक्षा सुनिश्चित करने, अनौपचारिक क्षेत्र के कामगार, ठेकेदार कामगार एवं स्कीम वर्करों के लिए कानूनी तथा सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने, शहरी क्षेत्रों के लिए रोजगार गारंटी तथा मनरेगा को मजबूत करने, पुरानी पेंशन स्कीम लागू करने, पेट्रोलियम उत्पादों पर उत्पाद शुल्क कम करने और मूल्य वृद्धि पर रोक लगाने के साथ-साथ संयुक्त किसान मोर्चा की छह सूत्री मांगों को पूरा करने तथा राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने के लिए अमीर और कॉर्पोरेट पर उच्च कर लगाना शामिल है. रविवार की नुक्कड़ सभाओं में अंबुज ठाकुर, ओमप्रकाश सिंह, विश्वजीत देब, पीआर गुप्ता, तिमिर मुखर्जी, गुप्तेश्वर सिंह विष्णु गिरी, हीरा अर्क ने हिस्सा लिया.
ये भी पढ़ें-Timken Union Election: कुर्सी के लिए विजय यादव ने सीधे साधे कर्मचारियों को किया गुमराह




