
Patna : भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने रविवार को जय प्रकाश नारायण को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन सादगी के साथ समाज को समर्पित किया था और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार अक्षरश: उनकी भावनाओं के अनुरूप काम कर रही है. नड्डा रविवार को बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रचार अभियान को आगे बढ़ाने के लिए पटना पहुंचे.
नड्डा ने यहां प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना की. उनके साथ बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल सहित कई अन्य नेता मौजूद थे. भाजपा अध्यक्ष का गया के गांधी मैदान में एक रैली को संबोधित करने का कार्यक्रम भी है. नड्डा की गया रैली को भाजपा के चुनावी अभियान के आगाज के रूप में देखा जा रहा है. भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने पटना के कदमकुआं इलाके में लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया.
इसे भी पढ़ें : फारूक अब्दुल्ला ने चीन की मदद से Article 370 की बहाली की उम्मीद जतायी, बयान पर विवाद
आपातकाल भारत के इतिहास का काला अध्याय
इस अवसर पर उन्होंने संवाददाताओं से कहा, भारत के इतिहास के काले अध्याय आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए उनके संपूर्ण क्रांति के आह्वान ने एक नये युग का सूत्रपात किया. उनका समस्त जीवन संघर्ष व साधना से परिपूर्ण रहा. भाजपा अध्यक्ष ने कहा, जेपी आंदोलन से निकले हुए अनेक नेताओं ने भारतीय राजनीति का नेतृत्व कर देश को एक नयी दिशा दी.
जेपी के बताए मूल्यों और दिशा-निर्देशों पर आगे बढ़कर बेहतर समाज की रचना करना हमारा संकल्प है. उन्होंने कहा कि भारत रत्न से सम्मानित जयप्रकाश नारायण जी ने अपने उत्कृष्ट विचारों तथा दर्शन से देश को नयी दिशा देने का कार्य किया.
इसे भी पढ़ें : आंध्र सरकार ने SC के न्यायाधीश के हस्तक्षेप को लेकर CJI एसए बोबडे से गुहार लगायी
लोकनायक जय प्रकाश नारायण ने प्रजातंत्र की रक्षा के लिए अपना जीवन दिया
नड्डा ने कहा, 1973-77 तक भारत की राजनीति में कांग्रेस के भ्रष्टाचार की राजनीति के खिलाफ उसकी नींव को हिलाने का काम लोकनायक जय प्रकाश नारायण जी ने किया और प्रजातंत्र की रक्षा के लिए उन्होंने अपना जीवन दिया. उन्होंने कहा, जेपी ने अपना पूरा जीवन सादगी के साथ समाज को समर्पित किया था और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार अक्षरश: उनकी भावनाओं के अनुरूप काम कर रही है.
प्रसिद्ध समाजसेवी और जनसंघ के नेता नानाजी देशमुख की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नड्डा ने कहा कि उन्होंने मध्य भारत में जनसंघ को आगे बढ़ाने में बड़ा योगदान दिया था. देशमुख जनसंघ के महामंत्री थे. बता दें कि बिहार में तीन चरणों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं. इसके तहत प्रथम चरण के लिये मतदान 28 अक्तूबर को, दूसरे चरण के लिए 3 नवंबर और तीसरे चरण के लिए 7 नवंबर को मतदान होगा. मतगणना 10 नवंबर को होगी.
इसे भी पढ़ें : स्वामित्व योजना का शुभारंभ, मोदी ने प्रॉपर्टी कार्ड्स बांटे, राजनीतिक विरोधियों पर हमलावर हुए




