
Giridih : गिरिडीह शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान का दूसरा चरण गुरुवार से नगर निगम ने शुरू किया है. अतिक्रमण हटाओ टीम ने पद्म चौक स्थित वारसी ज्वेलर्स और पद्म टेक्सटाइल्स के ऊपर लगे शेड को जेसीबी से तोड़ा. जिसके बाद स्थानीय दुकानदारों ने एकजुट होकर विरोध शुरू कर दिया. विरोध को देखते हुए सदर एसडीएम विशालदीप खलको, सदर सीओ रविभूषण प्रसाद, डीटीओ रोहित सिन्हा को अभियान बंद कर वहां से जाना पड़ा.
इसे भी पढ़ेःधनबाद में ग्राउंड में लटका मिला युवक का शव, हत्या या आत्महत्या…जांच में जुटी पुलिस
विरोध कर रहे लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा कि वारसी ज्वेलर्स और पदम टेक्सटाइल्स में मैन रोड से काफी अंदर है. इसके बाद भी नगर निगम ने जेसीबी से दोनों दुकानों के शेड को तोड़ दिया. हालांकि हालात देखते हुए नगर थाना प्रभारी राम नारायण चौधरी पुलिस जवानों के साथ पदम चौक पर ही तैनात थे.

इसे पहले शहर के कोर्ट रोड, टावर चौक, साहबादी मार्केट के सामने से फुटपाथी सब्जी और फल दुकानों को बलपूर्वक हटाया गया. कई स्थाई दुकानों के शेड को जेसीबी से तोड़ा गया. इस दौरान रत्न माइका कंपनी के कर्मियों को सदर एसडीएम और डीटीओ ने रोड पर रखे एक बेकार गाड़ी और स्क्रैप को लेकर जमकर फटकार लगाई. इसके साथ ही कालीबाड़ी चौक पर भी एक दुकान का शेड तोड़ दिया गया.




