Bihar

तेजस्वी ने की बिहार की बाढ़ व सूखे को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग, दस हजार करोड़ वित्तीय मदद मांगी

Ranchi : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि केन्द्र को बिहार में बाढ़ और सूखे की स्थितियों को राष्ट्रीय आपदा घोषित करना चाहिए. साथ ही राज्य को दस हजार करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध करानी चाहिए.

बाढ़ से 12 जिलों के 69 लाख से अधिक लोग प्रभावित

गौरतलब है कि बिहार में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर शनिवार को 97 हो गई और बाढ़ से 12 जिलों के 69 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं.

तेजस्वी यादव शनिवार को अपने पिता लालू प्रसाद यादव से मिलने रांची आये थे. इसी दौरान उन्होंने उक्त बातें कही. उन्होंने कहा कि बिहार बाढ़ और सूखे दोनों स्थितियों की चपेट में है.

पीएम को राज्य का दौरा करना चाहिए

केन्द्र को इन स्थितियों को राष्ट्रीय आपदा घोषित करना चाहिए और राज्य को 10,000 करोड़ रुपये दिये जाने चाहिए. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राज्य का दौरा करना चाहिए.

बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री ने राजद के वरिष्ठ नेताओं शिवानंद तिवारी और रघुवंश प्रसाद सिंह के साथ राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में राजद प्रमुख लालू प्रसाद से मुलाकात की.

यादव चारा घोटालों के कई मामलों में सजा काट रहे हैं और वर्तमान में उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

Related Articles

Back to top button