
Ranchi : लातेहार में पानी में डूबने से 7 युवतियों की मौत हो गयी है. बालूमाथ थाना क्षेत्र स्थित शेरेगाड़ा गांव में करमा डाल विसर्जन के दौरान यह घटना घटी. सभी दलों ने इस दुखद घटना पर शोक जताया है, संवेदना प्रकट की है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने परमात्मा से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोक संतप्त परिवारों को दुःख की घड़ी को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है.
प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश ने संवेदना प्रकट करते हुए सरकार से सभी मृतकों के परिजनों को दस-दस लाख मुवावजा राशि देने की मांग की है. कहा कि इस दुःख पर भाजपा संवेदना प्रकट करती है.
ऐसे समय में भगवान से प्रार्थना है कि मृतकों के परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दे. यह आपदा, संकट का विषय है. ऐसे समय में राज्य सरकार को पहल करते हुए मुवावजा राशि देनी चाहिए.
इसे भी पढ़ें: चारधाम यात्रा हुई शुरू , श्रद्धालुओं के लिए SOP जारी, जानें किन नियमों का पालन है अनिवार्य
लापरवाही के लिए दोषियों को मिले सजा
पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने लातेहार घटना पर शोक व्यक्त किया है. कहा कि लातेहार में युवतियों की डूबने से हुई मौत की हृदयविदारक घटना से मन व्यथित है. वे सरकार से मांग करते हैं कि इस मामले में लापरवाही के दोषियों के प्रति कड़ी कार्रवाई की जाये.
साथ ही मृतकों के परिजनों को मुआवजा व सरकारी सहायता उपलब्ध करायी जाये. वे भगवान से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हैं.
इसे भी पढ़ें: BIG NEWS : पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टेन अमरिंदर सिंह ने दिया इस्तीफा
जनमानस को झकझोरने वाली घटना
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता आलोक कुमार दुबे ने कहा कि एक तरफ जहां पूरा राज्य करमा पर्व के उत्साह एवं उमंग के जश्न में डूबा हुआ था, वहीं इस प्रकार की घटना ने पूरे झारखंड के जनमानस को झकझोर कर रख दिया है. पूरा राज्य स्तब्ध एवं दुखी है. किसी को विश्वास भी नहीं हो रहा. सभी बच्चियां 7 वर्ष से 18 वर्ष तक की थीं.
परम्परा के अनुसार नाचते, गाते, खुशी मनाते हुए करम डाल विसर्जन करने जा रही थीं पर ईश्वर को कुछ और मंजूर था. प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने बापू वाटिका पहुंच कर दिवंगत बच्चियों के निधन पर 2 मिनट का मौन रख कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की.
इसे भी पढ़ें: मिशन 2024 में 7 पर नहीं बनेगी बात, यूपीए से भी राजद कर सकता है दो-दो हाथ




