
Kolkata : कोयला तस्करी मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी को समन जारी किया है. जांच एजेंसी ने अभिषेक बनर्जी की पत्नी रुजिरा को भी पूछताछ के लिए बुलाया है.
अभिषेक बनर्जी लोकसभा में डायमंड हार्बर सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव भी हैं. उन्हें मामले के जांच अधिकारी के समक्ष यहां छह सितंबर को पेश होने के लिए समन जारी किया गया है, जबकि उनकी पत्नी रुजिरा को धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत इसी तरह का समन भेजकर एक सितंबर को पेश होने को कहा गया है.
इसे भी पढ़ें :मानव तस्करों के चंगुल से मुक्त हुई दो युवतियों की दर्दनाक कहानी- कई बार हुआ दुष्कर्म
कुछ अन्य लोगों को भी बुलाया गया
अधिकारियों ने बताया कि मामले से जुड़े कुछ अन्य लोगों को भी अगले महीने अलग-अलग तारीखों पर पेश होने के लिए समन जारी किया गया है. निदेशालय ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की नवंबर, 2020 की एक एफआईआर का अध्ययन करने के बाद पीएमएलए की आपराधिक धाराओं के तहत यह मामला दर्ज किया था.
इसे भी पढ़ें :हजारीबाग : पुलिस कस्टडी से भागा चोर, कोरोना जांच के लिए लाया गया था सदर अस्पताल
इसीएल की खदानों से कोयला चोरी का मामला
सीबीआई की एफआईआर में आसनसोल और उसके आसपास कुनुस्तोरिया और कजोरा इलाकों में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की खदानों से संबंधित करोड़ों रुपये के कोयला चोरी घोटाले का आरोप लगाया गया है. इस मामले में अनूप माझी उर्फ लाला मुख्य संदिग्ध है. ईडी ने पहले दावा किया था कि अभिषेक बनर्जी इस अवैध व्यापार से प्राप्त धन के लाभार्थी हैं, जबकि उन्होंने सभी आरोपों से इनकार किया है.
इसे भी पढ़ें :रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, सितंबर से नए AC economy class में सफर का ले सकेंगे मजा, जानें कितना होगा किराया




