
New Delhi: भारतीय क्रिकेट टीम के साउथ अफ्रीका दौरे से पूर्व भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने बड़ा फेरबदल करते हुए विराट कोहली से छीनकर वन डे की कप्तानी की कमान रोहित शर्मा के हाथ सौंप दी है. टी-20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के बाद रोहित को इस फार्मेट की जिम्मेदारी दी जा चुकी है. रोहित को फिलहाल 2023 वनडे वर्ल्ड कप तक के लिए कप्तान बनाया गया है.
इसे भी पढ़ेंःदेश के अगले CDS के लिए सेना प्रमुख जनरल नरवणे का नाम सबसे आगे
चर्चा है कि विराट वनडे की कप्तानी छोड़ने के लिए तैयार नहीं थे. वह 2023 वनडे वर्ल्ड कप में भारत की कप्तानी करना चाहते थे. प्रबंधन इसी वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए उन्हें हटाना चाहते थे. हाल में हुए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फायनल मुकाबला और टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय के खराब प्रदर्शन से इस चर्चा को बल मिला कि विराट दबाव वाले मुकाबले को सहजता से पार पाने में लड़खड़ा रहे हैं.
पता चला है कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने विराट के स्वेच्छा से वनडे टीम की कप्तानी से हटने के लिए पिछले 48 घंटों का इंतजार किया लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया. 49वें घंटे में बीसीसीआई ने चयन समिति को हरी झंडी दे दी और विराट रोहित के हाथों वनडे की कप्तानी गंवा बैठे. हालांकि, बीसीसीआई ने विराट की बर्खास्तगी की चर्चा तक नहीं की. जाहिर है अब वनडे व टी-20 में विराट को रोहित के नेतृत्व में खेलना होगा.




