JharkhandLead NewsRanchi

बीबीएमकेयू को मिलेगा 8 करोड़ 11 लाख तभी नया भवन हो सकेगा संचालित, विभाग से मांगा पैसा

Ranchi : बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय का भेलाटांड़ स्थिति नया भवन तभी संचालित हो सकेगा जब विश्वविद्यालय को 8 करोड़ 11 लाख रुपये मिलेंगे. दरअसल नये भवन का काम लगभग 90 फीसदी पूरा हो गया है, पूरी तरह से संचालित होने में कुछ अड़चने हैं. निर्माण संबंधी कई काम अभी बाकी है. इसी काम को पूरा करने के लिए विवि को उक्त राशि की जरूरत है.

विवि भवन को अंतिम रूप देने के लिए अब 8 करोड़ 11 लाख रुपये आवंटित करने का आग्रह किया गया है. कुलसचिव डॉ विकास कुमार ने उच्च व तकनीकी शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखकर भेलाटांड़ में बन रहे विश्वविद्यालय के नये भवन में भू-निर्माण, लिफ्ट, अग्निशमन और एचवीएसी जैसे कार्यों के लिए झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड की ओर से निर्धारित किये गये 8.11 करोड़ रुपये आवंटित करने का आग्रह किया है.
कुलसचिव डॉ विकास कुमार ने कहा है कि विश्वविद्यालय के नये भवन का काम 90 फीसदी से अधिक पूरा हो चुका है और आगामी सत्र 2022-23 से परिसर में विश्वविद्यालय का कार्यालय, पठन-पाठन संचालित किया जाना है.

विश्वविद्यालय में शिक्षक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी व छात्र-छात्राओं की कुल अनुमानित संख्या 10 हज़ार है. ऐसे में शिक्षण कार्य की सुगमता के लिए शैक्षणिक भवन में छह प्रशासनिक भवन में चार और परीक्षा भवन में दो लिफ्ट लगाने के साथ 23 एकड़ के विश्वविद्यालय परिसर की सुंदरता, पर्यावरणीय दृष्टिकोण से भू-निर्माण जैसे कार्य किये जाने हैं. इसके लिए जितनी जल्दी हो सके राशि आवंटित की जाए, ताकि विश्वविद्यालय के नवनिर्मित भवन को हैंडओवर होने से पहले सभी कार्य कराया जा सके और कैंपस में शिक्षण गतिविधि को सुचारू रूप से चलाया जा सके.

Related Articles

Back to top button